गौतम बुद्ध नगर में 23 केंद्रों पर होगी मेडिकल प्रवेश परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम

WhatsApp Channel Join Now
गौतम बुद्ध नगर में 23 केंद्रों पर होगी मेडिकल प्रवेश परीक्षा, सुरक्षा के कड़े इंतजाम


नोएडा, 20 जून (हि.स.)। मेडिकल प्रवेश परीक्षा (नीट) यूजी की पुनर्परीक्षा रविवार को जनपद गौतम बुद्ध नगर मे 23 केंद्रों पर होगी। इन केंद्रों पर करीब 11,302 छात्र बैठेंगे। किसी भी निजी स्कूल को केंद्र नहीं बनाया गया है। प्रशासन की ओर से परीक्षा शांतिपूर्ण और निष्पक्ष संचालन के लिए पूरी तैयारी कर ली गई है। पूर्व में नीट यूजी परीक्षा पेपर लीक विवाद के कारण रद्द कर दी गई थी। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) दोबारा परीक्षा आयोजित करा रही है। परीक्षा से पहले एनटीए ने कई अभ्यर्थियों के परीक्षा केंद्रों में बदलाव किया है। अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र की जानकारी सुनिश्चित करने के लिए नया एडमिट कार्ड डाउनलोड करने की सलाह दी गई है। परीक्षा दोपहर 2 बजे से शाम 5.20 बजे तक आयोजित होगी। परीक्षा केंद्रों में प्रवेश का अंतिम समय दोपहर 1.30 बजे निर्धारित किया गया है। इसके बाद किसी भी अभ्यर्थी को प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षा की निगरानी के लिए प्रत्येक केंद्र पर ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। केंद्रों पर जैमर, सीसीटीवी कैमरे की व्यवस्था की गई है। जिला विद्यालय निरीक्षक ने बताया कि परीक्षा के दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रहेगी।

इस बाबत अपर पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) गौतम बुद्ध नगर राजीव नारायण मिश्र ने बताया कि 23 परीक्षा केंद्राें पर परीक्षा संपादित होगी। उन्होंने बताया कि परीक्षा को शांतिपूर्ण एवं सुचारु रूप से कराए जाने के लिए हर केंद्र पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। उन्होंने बताया कि दो प्रकार की ड्यूटी लगाई गई है, जिसमें परीक्षार्थियों की चेकिंग करने के बाद परीक्षार्थियों को केंद्र में प्रवेश दिया जाएगा। दूसरा कानून व्यवस्था के मद्देनजर केंद्रो पर ड्यूटी लगाई गई है। उन्होंने बताया कि जनपद में धारा 163 लागू है। उन्होंने कहा कि जो परीक्षार्थी अपने परीक्षा केंद्र तक सुगमता से पहुंच सके उसके लिए यातायात पुलिस की भी व्यवस्था की गई है, ताकि ट्रैफिक जाम से छात्रों को जूझना ना पड़े। उन्होंने बताया कि एग्जाम से पूर्व सभी केंद्रों की चेकिंग की जा रही है नकल रोकने के लिए केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं। पुलिस अधिकारी शनिवार शाम से ही सभी केंद्रों पर भ्रमणशील हैं। किसी भी संदिग्ध व्यक्ति और वस्तु के बारे में जानकारी पर तुरंत कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने छात्र-छात्राओं से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों से सतर्क रहें, तथा निश्चिंत होकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचकर अपनी परीक्षा को संपूर्ण करें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी

Share this story