मेडिकल कॉलेज में संविदा सफाई कर्मियों की हड़ताल, वेतन बढ़ोतरी और पीएफ जमा कराने की मांग

WhatsApp Channel Join Now
मेडिकल कॉलेज में संविदा सफाई कर्मियों की हड़ताल, वेतन बढ़ोतरी और पीएफ जमा कराने की मांग


कंपनी पर लगाए गंभीर आरोप, सीएमएस बोले-बातचीत हो रही है

झांसी, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के झांसी में महारानी लक्ष्मीबाई मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को संविदा सफाई कर्मियों ने वेतन वृद्धि और लंबित पीएफ जमा कराने की मांग को लेकर कार्य बहिष्कार कर हड़ताल शुरू कर दी। सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में सफाई कर्मी मेडिकल कॉलेज परिसर के गेट नंबर-1 के पास एकत्र हुए और नारेबाजी करते हुए कंपनी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। हड़ताल के चलते मेडिकल कॉलेज की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई और स्वास्थ्य सेवाओं पर भी इसका असर देखने को मिला।

प्रदर्शन कर रहे कर्मचारियों का आरोप है कि प्रदेश सरकार ने एक अप्रैल से नई न्यूनतम मजदूरी लागू कर दी है, लेकिन संबंधित कंपनी अब तक बढ़ी हुई दर के अनुसार वेतन नहीं दे रही है। उनका कहना है कि वर्तमान में उन्हें केवल 8500 रुपये प्रतिमाह वेतन मिल रहा है, जिससे परिवार का खर्च चलाना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद कंपनी केवल आश्वासन देती रही, लेकिन वेतन में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई।

सफाई कर्मियों ने यह भी आरोप लगाया कि कंपनी ने पिछले करीब नौ महीनों से उनके भविष्य निधि (पीएफ) की राशि जमा नहीं कराई है। कर्मचारियों का कहना है कि यह उनके अधिकारों का उल्लंघन है और कंपनी मनमाने ढंग से काम कर रही है। उन्होंने मांग की कि नई न्यूनतम मजदूरी के अनुसार वेतन तत्काल बढ़ाया जाए और लंबित पीएफ की पूरी राशि जमा कराई जाए।

हड़ताल के कारण मेडिकल कॉलेज में सफाई व्यवस्था प्रभावित होने से मरीजों और तीमारदारों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि उन्होंने अपने अधिकारियों को पहले ही मांगों से अवगत करा दिया था, लेकिन समाधान नहीं होने पर उन्हें कार्य बहिष्कार का निर्णय लेना पड़ा।

इस मामले में मेडिकल कॉलेज के सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कि संविदा सफाई कर्मियों और कंपनी के अधिकारियों से बातचीत की गई है। कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जा रहा है और उम्मीद है कि जल्द ही आपसी सहमति से मामले का निस्तारण कर लिया जाएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

Share this story