सेवा संकल्प अभियान : बांदा में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देेने के लिए 30 सितंबर से लगेंगे शिविर

WhatsApp Channel Join Now
सेवा संकल्प अभियान : बांदा में दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण देेने के लिए 30 सितंबर से लगेंगे शिविर


30 सितंबर से ब्लॉकवार मेडिकल शिविर

बांदा, 29 सितंबर (हि.स.)। सेवा संकल्प अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के बांदा जिले के दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण वितरित किए जाएंगे। इसके साथ ही छूटे हुए दिव्यांगजनों का पंजीकरण, स्वास्थ्य परीक्षण और दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए ब्लॉकवार मेडिकल शिविर भी लगाए जाएंगे। अभियान की शुरुआत 30 सितंबर से होगी।

दिव्यांगजन सशक्तिकरण अधिकारी अभिषेक चौधरी कै मुताबिक विभाग की ओर से पूर्व में चिन्हित लाभार्थियों को ट्राईसाइकिल, व्हीलचेयर, मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल, बैसाखी, स्मार्ट केन, एमआर किट, वॉकिंग स्टिक और श्रवण यंत्र समेत विभिन्न सहायक उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। शिविर में विभागीय योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र दिव्यांगजनों का योजनाओं के लिए पंजीकरण भी किया जाएगा।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 30 सितंबर को बबेरू और कमासिन, एक अक्टूबर को बड़ोखर खुर्द, तीन अक्टूबर को बिसंडा, पांच अक्टूबर को जसपुरा, छह अक्टूबर को तिंदवारी, सात अक्टूबर को नरैनी तथा आठ अक्टूबर को महुआ विकासखंड में शिविर आयोजित किया जाएगा।

मेडिकल शिविर में दिव्यांगता प्रमाण पत्र जारी करने के लिए मेडिकल बोर्ड, स्वास्थ्य परीक्षण के लिए चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था रहेगी। अधिकारियों को लाभार्थियों तक अभियान की जानकारी पहुंचाने और उन्हें शिविर स्थल तक लाने की जिम्मेदारी भी सौंपी गई है। जिला दिव्यांगजन सशक्तीकरण अधिकारी को सभी विभागों के बीच समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के निर्देश दिए गए हैं। अभियान का उद्देश्य पात्र दिव्यांगजनों को सरकारी योजनाओं और आवश्यक सुविधाओं से जोड़ना है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Share this story