यूपी के 21 जिलों में 40 लाख से अधिक लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का किया सेवन

WhatsApp Channel Join Now
यूपी के 21 जिलों में 40 लाख से अधिक लोगों ने फाइलेरिया रोधी दवा का किया सेवन


लखनऊ, 19 फरवरी (हि.स.)। फाइलेरिया संक्रमण कम करने के लिए प्रदेश के 21 जिलों में चलाए जा रहे सर्वजन दवा सेवन (एमडीए) अभियान में अब तक 40 लाख 43 हजार लोगों ने दवा का सेवन कर लिया है। दो लाख नौ हजार इनकार करने वाले लोगों को भी फाइलेरिया रोधी दवा खिलाने में सफलता मिली है। विभाग का प्रयास लक्ष्य 1.40 करोड़ लक्ष्य के सापेक्ष 90 प्रतिशत से अधिक लोगों को दवा खिलाने का है जिसके लिए सभी तरह की कोशिशें की जा रही हैं।

राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन की निदेशक डॉ पिंकी जोवल ने सभी 21 जिलों के जिलाधिकारियों को पत्र लिखकर व्यक्तिगत तौर पर अभियान की समीक्षा करने व सभी पात्र लोगों को दवा खिलाने के लिए निर्देशित किया है। उन्होंने फरवरी 2025 में चले एमडीए अभियान के दौरान कम कवरेज वाले गांव की सूची भी जिलाधिकारियों को प्रेषित की है और अभियान की सफलता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।

अपर मुख्य सचिव स्वास्थ्य एवं अपर मुख्य सचिव शिक्षा पहले ही संयुक्त पत्र जारी कर सभी जिला विद्यालय निरीक्षकों व बेसिक शिक्षा अधिकारियों को निर्देशित कर चुके हैं कि सभी सरकारी व निजी विद्यालयों, केंद्रीय विद्यालयों, नवोदय विद्यालयों व मदरसों के छात्र-छात्राओं को फाइलेरिया रोधी दवा खिलाना सुनिश्चित करें।

राज्य फाइलेरिया अधिकारी डॉ ए.के. चौधरी ने गुरूवार को बताया कि 10 फरवरी से शुरू हुए एमडीए अभियान में 18 फरवरी तक 40 लाख 43 हजार लोगों ने दवा खा ली है। अयोध्या में सबसे ज्यादा 47 प्रतिशत लोगों ने दवा का सेवन किया है। उसके बाद बहराइच (42%), भदोही (41%), बाराबंकी (40%), रायबरेली (40%), खीरी (40%), हरदोई (39%), पीलीभीत (39%), औरेया (37%), फतेहपुर (37%) व कौशाम्बी (36%) में लोगों ने दवा का सेवन कर लिया है। उन्होंने बताया कि बाकी जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों व जिला मलेरिया अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि स्थानीय स्तर पर माइक्रो प्लानिंग करके सभी पात्र लोगों को दवा खिलवाएं।

--40 फीसदी से अधिक इनकार करने वालों ने खाई दवा डॉ. चौधरी ने बताया कि इस दौरान 5 लाख 18 हजार 876 लोगों ने स्वास्थ्य टीमों के पहली बार पहुंचने पर दवा खाने से इनकार किया, लेकिन बाद में विभागीय टीमों व सीएचओ-पीएसपी स्टेकहोल्डर प्लेटफार्म के सदस्यों के समझाने के बाद 2 लाख 9 हजार 107 लोग दवा खाने के लिए राजी हो गए और दवा खाई। अर्थात 40 फीसदी से अधिक इनकार करने वाले लोगों को दवा खिलाई गई।

--इन जिलों में चल रहा अभियान अभियान में सबसे ज्यादा शाहजहांपुर के 13 ब्लाक हैं। इसके बाद बलिया के 12, बाराबंकी के सात, उन्नाव व चित्रकूट के चार-चार ब्लाक में यह अभियान चल रहा है। इसके अलावा प्रतापगढ़ में तीन, हरदोई, प्रयागराज, सोनभद्र, कौशाम्बी, अयोध्या व भदोही में दो-दो ब्लाक में एमडीए अभियान चल रहा है। लखनऊ के माल ब्लाक समेत रायबरेली, अंबेडकरनगर, खीरी, पीलीभीत, औरेया, बांदा, फतेहपुर व बहराइच में सिर्फ एक-एक ब्लाक में फाइलेरिया रोधी दवाएं खिलाई जा रही हैं। यह अभियान 28 फरवरी तक जारी रहेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story