मुरादाबाद मंडल में 107 केंद्रों पर होगी पीईटी 2026 परीक्षा, तीन दिनों में 2.80 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद मंडल में 107 केंद्रों पर होगी पीईटी 2026 परीक्षा, तीन दिनों में 2.80 लाख अभ्यर्थी होंगे शामिल


25 और 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को दो पालियों में प्रस्तावित परीक्षा, तैयारियों की मंडलायुक्त ने की समीक्षा

मुरादाबाद, 18 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की प्रारम्भिक अर्हता परीक्षा (पीईटी)-2026 के लिए मुरादाबाद मंडल के चार जिलों में 107 परीक्षा केंद्र निर्धारित किए गए हैं। 25 और 30 अक्टूबर तथा 01 नवंबर को प्रस्तावित परीक्षा में कुल छह पालियों के दौरान 2,80,656 अभ्यर्थियों के शामिल होने की व्यवस्था की गई है। परीक्षा की तैयारियों को लेकर रविवार को मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में वर्चुअल बैठक हुई, जिसमें केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि परीक्षा प्रत्येक निर्धारित तिथि पर दो पालियों में आयोजित होगी। पहली पाली सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक और दूसरी पाली अपराह्न तीन बजे से शाम पांच बजे तक निर्धारित है। इस तरह तीन दिनों में छह पालियों में परीक्षा संपन्न कराई जाएगी।

मुरादाबाद में सबसे अधिक 52 केंद्र

जिला विद्यालय निरीक्षक रितु तोमर के अनुसार, मुरादाबाद जिले में परीक्षा के लिए 52 केंद्र निर्धारित किए गए हैं। यहां 23,352 अभ्यर्थियों के परीक्षा में शामिल होने की व्यवस्था की गई है। वहीं, बिजनौर में 23 केंद्रों पर 10,656, रामपुर में 17 केंद्रों पर 5,664 और अमरोहा में 15 केंद्रों पर 7,104 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।

प्रशासन की ओर से प्रस्तुत विवरण के अनुसार, मंडल के चारों जिलों में एक पाली में कुल 46,776 अभ्यर्थियों के बैठने की व्यवस्था है। तीन दिनों की छह पालियों को मिलाकर कुल परीक्षार्थियों की संख्या 2,80,656 होगी।

सुरक्षा और निगरानी के निर्देश

मंडलायुक्त ने जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों और पुलिस अधीक्षकों सहित संबंधित अधिकारियों को परीक्षा केंद्रों पर व्यवस्थाओं का समय रहते सत्यापन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परीक्षा से जुड़े अधिकारियों और कर्मचारियों को उनकी जिम्मेदारियों की स्पष्ट जानकारी होनी चाहिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।

उन्होंने केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सेक्टर मजिस्ट्रेटों और स्टेटिक मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति तथा परीक्षा व्यवस्था की प्रभावी निगरानी सुनिश्चित करने पर जोर दिया। साथ ही सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने और आयोग के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।

मंडलायुक्त ने परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के साथ अभ्यर्थियों के लिए व्यवस्थित एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

762985 Articles

Share this story