मुरादाबाद : सीडीओ ने पांच वर्षों से लंबित ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत की ऑडिट की परीक्षण रिपोर्ट मांगी
मुरादाबाद, 30 जुलाई (हि.स.)। मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी ने पांच साल के दौरान ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत की लंबित ऑडिट की परीक्षण रिपोर्ट मांगी है। इस मामले में ग्राम विकास अधिकारी एसोसिएशन ने भी जिले के अधिकारियों से जिला लेखा परीक्षा की रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की थी।
सीडीओ मृणाली अविनाश ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार में वित्तीय वर्ष 2018-2024 तक की ग्राम पंचायतों एवं क्षेत्र पंचायतों से संबंधित लंबित ऑडिट मामलों के निस्तारण की समीक्षा बैठक की। समीक्षा के दौरान बताया गया कि वित्तीय वर्ष 2018-19 के कुल 47 ऑडिट मामलों में से 16 पर आरोपितों पर कार्रवाई की गई, लेकिन 30 मामले अभी जिला लेखा परीक्षा अधिकारी स्तर पर लंबित हैं।
मुख्य विकास अधिकारी ने इन मामलों में 10 दिनों के भीतर परीक्षण रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

