जौनपुर में एमबीबीएस इंटर्न ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग उठाई, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन

WhatsApp Channel Join Now
जौनपुर में एमबीबीएस इंटर्न ने स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग उठाई, जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन


जौनपुर, 04 अगस्त (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में मेडिकल काॅलेज व जिला अस्पताल में कार्यरत एमबीबीएस इंटर्न एवं मेडिकल छात्रों ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. को ज्ञापन सौंपकर प्रदेश सरकार से मासिक स्टाइपेंड बढ़ाने की मांग की। इंटर्न्स ने वर्तमान में मिलने वाले 12 हजार रुपये प्रतिमाह के स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किए जाने की अपील की।

ज्ञापन में कहा गया कि वर्तमान में मिलने वाला स्टाइपेंड देश के कई अन्य राज्यों की तुलना में काफी कम है। मौजूदा महंगाई और आर्थिक परिस्थितियों में 12 हजार रुपये प्रतिमाह की राशि सम्मानजनक जीवनयापन के लिए पर्याप्त नहीं है। इंटर्न्स ने बताया कि एमबीबीएस की साढ़े चार वर्ष की पढ़ाई पूरी करने के बाद एक वर्ष की अनिवार्य इंटर्नशिप चिकित्सा प्रशिक्षण का सबसे महत्वपूर्ण चरण होता है। इस दौरान वे अस्पतालों में वार्ड ड्यूटी, इमरजेंसी सेवाएं, नाइट ड्यूटी, मरीजों की निगरानी तथा विभिन्न चिकित्सकीय प्रक्रियाओं में चिकित्सकों की सहायता करते हैं। साथ ही अस्पताल के नियमित संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए कई बार निर्धारित समय से अधिक कार्य भी करते हैं।छात्रों का कहना है कि वर्तमान स्टाइपेंड से आवास, भोजन, परिवहन, अध्ययन सामग्री, इंटरनेट तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी जैसे आवश्यक खर्च पूरे करना कठिन हो जाता है। इसके चलते अधिकांश इंटर्न अपनी बुनियादी जरूरतों के लिए भी परिवार पर निर्भर रहने को मजबूर हैं।

इंटर्न्स ने सरकार से मांग की कि उनके कार्य, जिम्मेदारियों और बढ़ती महंगाई को देखते हुए स्टाइपेंड को बढ़ाकर 30 हजार रुपये प्रतिमाह किया जाए, ताकि वे आर्थिक दबाव से मुक्त होकर बेहतर ढंग से चिकित्सा सेवाएं दे सकें।--------------

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story