मथुरा: महिला के गंभीर आरोपों के बाद स्वामी इंद्रदेव महामंडलेश्वर पद से निष्कासित

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा: महिला के गंभीर आरोपों के बाद स्वामी इंद्रदेव महामंडलेश्वर पद से निष्कासित


मथुरा, 12 नवम्बर (हि.स.)। मुंबई की एक महिला द्वारा लगाए गए गंभीर आरोपों के मामले में पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी ने गुरुवार शाम स्वामी इंद्रदेव महाराज को महामंडलेश्वर पद से निष्कासित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने राहत की साँस ली है, जो लगातार उनके खिलाफ कार्रवाई की माँग उठा रहे थे।

स्वामी इंद्रदेव महाराज को पद से हटाने के लिए विभिन्न संगठनों ने मिलकर एक प्रभावी अभियान चलाया था। इस मुहिम में अखिल भारतीय हिंदू महासभा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष संजय हरियाणा और श्री भगवान परशुराम शोभायात्रा समिति के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित रामगोपाल शर्मा ने प्रमुख भूमिका निभाई।

हिंदूवादी नेता संजय हरियाणा ने बताया कि प्रकरण की जानकारी मिलते ही उन्होंने पंचायती अखाड़ा श्री निरंजनी के सचिव एवं अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रविंद्र पुरी को पत्र भेजकर और फोन पर वार्ता कर मामले की गंभीरता से अवगत कराया था। धीरे-धीरे यह आवाज एक बड़ी सामाजिक मुहिम बन गई। इस अभियान में राजपूत करणी सेना (इंदौर) सहित कई अन्य सामाजिक संगठनों और अलीगढ़ के भरत तिवारी का भी पूरा सहयोग मिला।

क्या है पूरा मामला?

उल्लेखनीय है कि मुंबई की एक महिला ने स्वामी इंद्रदेव महाराज पर वृंदावन स्थित आश्रम में यौन शोषण करने और जान से मारने की धमकी देने का गंभीर आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। वर्तमान में इस मामले की जांच मुंबई पुलिस कर रही है। धार्मिक संस्थाओं की मर्यादा और विश्वास बनाए रखने के लिए अखाड़े ने कड़ा कदम उठाते हुए उन्हें महामंडलेश्वर पद से बर्खास्त कर दिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

776141 Articles

Share this story