रामकृष्ण मठ एवं मिशन के संघ-उपाध्यक्ष स्वामी भजनानन्द महाराज ब्रह्मलीन
मथुरा, 16 नवम्बर(हि.स.)। वृन्दावन रामकृष्ण मठ एवं मिशन, बेलूर मठ के संघ-उपाध्यक्ष स्वामी भजनानन्द महाराज का सोमवार दोपहर 12ः13 बजे वृन्दावन के रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल में देहावसान हो गया।
रामकृष्ण मिशन वृंदावन के सह सचिव स्वामी कालीकृष्णानंद महाराज ने जानकारी देते हुए बताया कि 29 अक्टूबर को हृदयाघात के पश्चात उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था। सोमवार को उन्होंने अपनी अंतिम सांस ली। बेलूर मठ के अध्यक्ष महाराज के निर्देशानुसार उनका अंतिम संस्कार मंगलवार दोपहर 2 बजे वृन्दावन स्थित मोक्षधाम में संपन्न होगा। उन्होंने बताया कि स्वामी भजनानन्द महाराज का संपूर्ण जीवन आध्यात्मिक साधना, वेदान्त दर्शन, धर्मचिंतन एवं रामकृष्ण-विवेकानन्द विचारधारा के प्रचार-प्रसार को समर्पित रहा। वे एक विद्वान संन्यासी, आध्यात्मिक चिंतक एवं लेखक के रूप में प्रतिष्ठित थे। स्वामी भजनानन्द महाराज ने रामकृष्ण संघ में लंबे समय तक महत्वपूर्ण सेवाएँ दी हैं। उन्होंने 1952 में 22 वर्ष की आयु में रामकृष्ण मठ, मुंबई आश्रम में एक ब्रह्मचारी के रूप में संघ में प्रवेश किया। तत्कालीन संघाध्यक्ष स्वामी शंकरानंद महाराज से 1956 में ब्रह्मचर्य व्रत दीक्षा तथा 1960 में विधिवत संन्यास दीक्षा ली। वे रामकृष्ण संघ के अंग्रेजी मासिक पत्र प्रबुद्ध भारत के संपादक 1979 से 1986 तक रहे। उन्हें 1983 में रामकृष्ण मठ के न्यासी बोर्ड का ट्रस्टी और रामकृष्ण मिशन के शासी निकाय का सदस्य नियुक्त किया गया। वे 2007 से मई 2017 तक रामकृष्ण मठ और रामकृष्ण मिशन के सहायक महासचिव रहे। बाद में वे उपाध्यक्ष बने। उनके निधन से रामकृष्ण संघ, आध्यात्मिक जगत तथा देश-विदेश में फैले असंख्य भक्तों एवं श्रद्धालुओं को अपूरणीय क्षति हुई है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

