एसपी ट्रैफिक के पेशकार दारोगा ने सरकारी पिस्टल से गोली मारकर दी जान
मथुरा, 03 सितम्बर(हि.स.)। जिले में गुरुवार शाम करीब पौने चार बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई, जहां एसपी ट्रैफिक के पेशकार और दरोगा पंकज यादव ने गोकुल बैराज के पास कथित तौर पर अपनी सरकारी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। माथे में गोली लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का जायजा लिया।
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, मृतक दरोगा पंकज यादव मूल रूप से उत्तर प्रदेश के एटा जिले के निवासी थे और वर्तमान में मथुरा में एसपी ट्रैफिक के पेशकार के पद पर तैनात थे। गुरुवार शाम जब वह गोकुल बैराज के पास मौजूद थे, तभी उन्होंने यह कदम उठाया। अचानक चली गोली की आवाज से आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। जब तक पुलिस टीम मौके पर पहुंची, तब तक उनकी माैत हो चुकी थी।
चूंकि घटना के समय प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी जिले के दौरे पर मौजूद थे, इसलिए इस दुखद घटना के सामने आते ही पुलिस और प्रशासनिक महकमे में खलबली मच गई। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

