मथुरा : श्रीराम कथा का हवन-यज्ञ एवं विशाल भंडारा के साथ हुआ समापन
जिला पंचायत अध्यक्ष ने हवन में आहूति देकर की जनकल्याण की कामना
मथुरा, 17 अप्रैल (हि.स.)। फरह ब्लॉक के गौ ग्राम परखम में चल रही सात दिवसीय श्रीराम कथा का शुक्रवार हवन यज्ञ और विशाल भंडारे के साथ समापन हो गया। हवन यज्ञ में पहुंचे जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने गणमान्य व्यक्तियों के साथ विधि-विधान से हवन में आहुति देकर सुख-समृद्धि एवं जनकल्याण की कामना की।
इसके बाद सभी ने प्रसाद ग्रहण किया। इस आयोजन में दूर-दूर से आए भक्तों ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। कथा व्यास पूज्यपाद निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर श्री श्री 1008 स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने सात दिनों तक भक्तों को श्रीराम कथा की महिमा का बखान किया। उन्होंने लोगों को भक्ति मार्ग से जुड़ने और सत्कर्म करने का संदेश दिया।
स्वामी कैलाशानंद गिरि जी महाराज ने बताया कि हवन-यज्ञ से वातावरण और वायुमंडल शुद्ध होता है। यह व्यक्ति को आत्मिक बल प्रदान करता है और उसमें धार्मिक आस्था जागृत करता है। उन्होंने बताया कि यज्ञ से दुर्गुणों के स्थान पर सद्गुणों के द्वार खुलते हैं और देवता प्रसन्न होकर मनवांछित फल प्रदान करते हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

