मथुरा में बारिश से तापमन में आई गिरावट, गर्मी से लाेगाें काे राहत
मथुरा, 21 जुलाई(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में साेमवार की देर रात से शुरू हुई बारिश का सिलसिला मंगलवार की सुबह तक जारी रहा। बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है ताे तापमान में भी गिरावट दर्ज किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को 26 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। दिन का अधिकतम तापमान 33 डिग्री रहने का अनुमान है। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में भी मौसम ऐसा ही बना रहेगा। अगले कुछ दिनों तक रुक-रुककर बारिश और कुछ स्थानों पर तेज वर्षा होने की संभावना है। हालांकि लगातार बारिश के चलते शहर के निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है। इसे देखते हुए नगर निगम और जिला प्रशासन सतर्क हैं। बारिश से सबसे अधिक फायदा किसानों को मिलने की उम्मीद है। जिले में इस समय खरीफ फसलों की बुआई और धान की रोपाई का काम चल रहा है।
पर्याप्त वर्षा से खेतों में नमी बनी रहेगी, जिससे फसलों की बढ़वार बेहतर होगी और उत्पादन बढ़ने की संभावना भी मजबूत होगी। फिलहाल जिले में बादलों की आवाजाही बनी हुई है और रुक-रुककर बारिश हो रही है। लोगों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मानसून और अधिक सक्रिय होगा, जिससे मौसम सुहावना बना रहेगा और गर्मी से पूरी तरह राहत मिलेगी।-----------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

