मथुरा पुलिस में बढ़ी ताकत : यूपी-112 की फ्लीट में शामिल हुईं 16 नई पल्सर बाइकें
मथुरा, 27 मई (हि.स.)। यूपी-112 के द्वितीय फेज के तहत मथुरा पुलिस लाइन से 16 नए दोपहिया पीआरवी वाहनों (पल्सर) को एसपी देहात ने बुधवार काे हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
गौरतलब हो कि जनपद में पहले से 87 पीआरवी गाड़ियां (66 चार पहिया और 21 दो पहिया) चल रही थीं, जो अब बढ़कर कुल 103 हो गई हैं। वर्तमान में पीड़ित की कॉल पर पुलिस औसतन 5.11 मिनट में पहुंचती है। इन 16 अतिरिक्त बाइकों के आने से पुलिस सहायता और भी कम समय में त्वरित रूप से मिल सकेगी। ये सभी मोटरसाइकिलें जीपीएस, कैमरे, एमडीटी मोबाइल फोन, फर्स्ट एड किट, रिफ्लेक्टर जैकेट, टॉर्च और प्राथमिक फॉरेंसिक उपकरणों से पूरी तरह लैस हैं। थाना नौहझील, गोविन्दनगर, गोवर्धन, राया, बल्देव, छाता, माँट, मगोर्रा, शेरगढ़, सुरीर, रिफायनरी, महावन, जैत को नई पीआरवी आवंटित की गई है।
बुधवार सायं अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण/नोडल-112 सुरेश चंद्र रावत ने इन वाहनों को रवाना किया। इस दौरान यूपी-112 प्रभारी देवपाल सिंह पुण्डीर और एसआईएमटी नीतू सिंह भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

