शादी समारोहों में बच्चों से चोरी करा रहा अंतरराज्यीय गिरोह, मथुरा पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
- बाराती बनकर पहुंचते हैं गिरोह के सदस्य, 05 से 12 साल के बच्चों को देते हैं वारदात की जिम्मेदारी
मथुरा, 23 नवंबर (हि.स.)। शादी-विवाह के सीजन में मैरिज होम, होटल और गार्डन में आयोजित समारोहों को निशाना बनाने वाले अंतरराज्यीय चोर गिरोहों की सक्रियता को देखते हुए मथुरा पुलिस ने सोमवार को एडवाइजरी जारी की है। पुलिस ने मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी गिरोह से सतर्क रहने की अपील करते हुए आमजन और विवाह समारोह स्थल संचालकों को सुरक्षा के विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) श्लोक कुमार ने बताया कि गिरोह का नेटवर्क मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले के कड़िया सांसी, गुलखेड़ी और हुलखेड़ी गांवों से जुड़ा है। गिरोह के सदस्य बाराती और मेहमान बनकर विवाह समारोहों में प्रवेश करते हैं और मौका मिलते ही नकदी व आभूषणों से भरे बैग पार कर देते हैं। गिरोह की सबसे चिंताजनक गतिविधि यह है कि इसके सदस्य पांच से 12 वर्ष तक के बच्चों को भी चोरी की वारदातों में शामिल करते हैं। इन बच्चों को अच्छे कपड़े पहनाकर समारोहों में भेजा जाता है। उन्हें भीड़ में घुलने-मिलने, लोगों का ध्यान भटकाने और कीमती सामान से भरे बैग चोरी करने का प्रशिक्षण दिया जाता है।
पुलिस के अनुसार, गिरोह के करीब सात सदस्य एक साथ सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम देते हैं। इसके लिए पहले संपन्न परिवारों और बड़े कारोबारियों के विवाह समारोहों की जानकारी जुटाई जाती है। इसके बाद मैरिज होम, होटल और गार्डन की रेकी कर चोरी की योजना बनाई जाती है। पूर्व में गिरफ्तार गिरोह के सदस्यों ने उत्तर प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और छत्तीसगढ़ समेत कई राज्यों में दर्जनों चोरी की वारदातों को अंजाम देना स्वीकार किया है। शादी के सीजन में मथुरा और आगरा क्षेत्र गिरोह के प्रमुख निशाने पर रहते हैं।
एसएसपी ने लोगों से अपील की है कि विवाह समारोहों में नकदी, जेवरात और अन्य कीमती सामान से भरे बैग को लावारिस न छोड़ें और न ही किसी अनजान व्यक्ति या बच्चे के भरोसे रखें। होटल, मैरिज होम और गार्डन संचालकों को प्रवेश द्वार सहित परिसर के प्रमुख स्थानों पर उच्च गुणवत्ता वाले सीसीटीवी कैमरे चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि जारी किए गए संदिग्धों के पोस्टर या तस्वीरों से मिलता-जुलता कोई व्यक्ति दिखाई देने अथवा संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल डायल 112 पर सूचना दें। इसके अलावा थाना हाईवे के प्रभारी निरीक्षक के मोबाइल नंबर 9454403946 और क्षेत्राधिकारी रिफाइनरी के नंबर 9454401269 पर भी संपर्क किया जा सकता है।-------------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

