मथुरा : आयकर विभाग ने बढ़ाया शंकर सेठ के यहां सर्च का दायरा
डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े लेनदेन भी जांच के दायरे में
मथुरा, 15 नवम्बर (हि.स.)। वृंदावन के चर्चित डालमिया बाग में पेड़ कटान प्रकरण के बाद सुर्खियों में आए कारोबारियों से जुड़े वित्तीय लेन-देन अब आयकर विभाग की सख्त जांच के दायरे में आ गए हैं। होटल कारोबारी शंकर सेठ के ठिकानों पर चल रही आयकर विभाग की सर्च कार्रवाई का दायरा अब और अधिक व्यापक कर दिया गया है।
सूत्रों के अनुसार, शंकर सेठ के यहां शुरुआती जांच में टीम को अपेक्षित परिणाम नहीं मिले, जिसके बाद विभाग ने अपनी कार्रवाई का दायरा बढ़ाते हुए अन्य संबंधित व्यक्तियों, फर्मों और संस्थाओं तक पड़ताल शुरू कर दी है। जांच टीमें अब केवल मुख्य कारोबारी के रिकॉर्ड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दस्तावेजों में सामने आए अन्य लोगों के वित्तीय लेन-देन का भी सत्यापन कर रही हैं।
सर्च के दौरान हाथ लगे लेखा अभिलेखों, डिजिटल रिकॉर्ड और दस्तावेजों के आधार पर जिन लोगों और संस्थाओं के नाम सामने आए हैं, उन्हें नोटिस जारी कर तलब किया गया है। आयकर अधिकारियों ने संबंधित लोगों से पूछताछ कर उनके कारोबारी व्यवहार और दस्तावेजों का क्रॉस-वेरिफिकेशन भी शुरू कर दिया है।
इस कार्रवाई और नोटिसों के सिलसिले के बाद वृंदावन के डालमिया बाग पेड़ कटान प्रकरण से जुड़े लोगों तथा शंकर सेठ के व्यावसायिक नेटवर्क में भारी हलचल और बेचौनी का माहौल है। हालांकि, डालमिया बाग प्रकरण से जुड़े किसी व्यक्ति पर आयकर विभाग की कार्रवाई की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन जांच का दायरा बढ़ने से जुड़े कारोबारियों में यह डर जरूर है कि उन्हें भी आयकर का नोटिस मिल सकता है। विभाग का मुख्य उद्देश्य कारोबारी नेटवर्क के वास्तविक लेन-देन और आय के स्रोतों का पता लगाना है।
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

