बांकेबिहारी के दर्शन को कतार में खड़ी मासूम बच्ची पर गिरा जर्जर छज्जा
मथुरा, 28 नवम्बर(हि.स.)। वृंदावन ठा. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने पहुंचे गाजियाबाद के श्रद्धालु परिवार के साथ रविवार को बड़ा हादसा हो गया। यहां कतार में खड़ी एक वर्षीय बच्ची के सिर पर जर्जर भवन के छज्जे का हिस्सा गिरने से वह गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालत में बच्ची को तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र अंतर्गत वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ बांके बिहारी के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे। रविवार को परिवार के सभी सदस्य मंदिर जाने के लिए फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन की कतार में खड़े थे। इसी दौरान गली स्थित एक जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने उछलकूद की। जिससे छज्जे का एक हिस्सा टूटकर नीचे कतार में खड़ी अमित की एक वर्षीय पुत्री अर्पिता के ऊपर जा गिरा। छज्जे का मलबा गिरने से बच्ची के सिर समेत शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आ गईं। अचानक हुए हादसे से परिवार में अफरा-तफरी मच गई। पिता अमित आनन-फानन में घायल बेटी अर्पिता को लेकर रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों द्वारा बच्ची का इलाज किया जा रहा है।
घटना के संबंध में बात घायल बच्ची के पिता अमित ने बताया हम परिवार के साथ बांकेबिहारी जी के दर्शन के लिए वृंदावन आए थे और मंदिर के रास्ते में कतार में खड़े थे। अचानक ऊपर जर्जर छज्जे पर बंदरों की उछलकूद से छज्जे का मलबा मेरी एक साल की बेटी अर्पिता के सिर पर आ गिरा। मेरी बच्ची लहूलुहान होकर गिर पड़ी। इस तरह के जर्जर मकानों और छज्जों की वजह से श्रद्धालुओं की जान पर हर वक्त खतरा बना हुआ है।----------
हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

