चकरपुर मंडी में भीषण आग से 48 दुकानें जलकर खाक, कराेड़ाें का नुकसान
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। सचेण्डी थाना क्षेत्र स्थित चकरपुर नवीन फल एवं सब्जी मंडी में गुरुवार को भीषण आग लगने से फल और सब्जी कारोबारियों में अफरा-तफरी मच गई। चबूतरा संख्या-6 पर लगी आग देखते ही देखते आसपास की दुकानों तक फैल गई, जिससे कुल 44 दुकानें प्रभावित हो गईं। सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन इस आग से काराेबारियाें का कराेड़ाें रुपये का नुकसान हाे गया।
आग की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और फायर ब्रिगेड को बुलाया गया। विभिन्न फायर स्टेशनों से पहुंचीं दमकल की गाड़ियों ने आग बुझाने का काम शुरू किया। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि दूर से धुएं का गुबार और ऊंची लपटें दिखाई दे रही थीं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आग चबूतरा संख्या-6 स्थित एक दुकान से शुरू हुई और कुछ ही देर में आसपास की दुकानों तक फैल गई। मंडी में बड़ी संख्या में प्लास्टिक कैरेट और अन्य सामान रखा होने के कारण आग तेजी से फैलती चली गई। आग लगते ही व्यापारी अपनी दुकानों से सामान निकालने में जुट गए, जबकि कई दुकानदारों को जान बचाकर बाहर निकलना पड़ा।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों और दमकल कर्मचारियों ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव कार्य चलाया। दमकल विभाग की टीम ने लगातार पानी की बौछार कर आग को अन्य हिस्सों में फैलने से रोका। आग पर काबू पाने के बाद पुलिस ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सुरक्षा व्यवस्था संभाली।
पुलिस उपायुक्त पश्चिम एस.एम. कासिम आबिदी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका सामने आई है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच कराई जा रही है। प्रशासन द्वारा प्रभावित दुकानदारों से जानकारी जुटाई जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

