टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग, 35 लाख का सामान जलकर राख।
अमेठी, 13 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के अमेठी जनपद में जगदीशपुर कोतवाली क्षेत्र स्थित महमदपुर कस्बे में सोमवार सुबह अज्ञात कारणों से टेंट हाउस के गोदाम में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेज थी कि देखते ही देखते पूरे गोदाम को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे करीब 35 लाख रुपये का टेंट और अन्य सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची 112 पुलिस और फायर ब्रिगेड में कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले लोगों ने गोदाम से धुआं और आग की ऊंची लपटें निकलती देखीं। उन्होंने तत्काल टेंट हाउस के मालिक को सूचना दी। मौके पर पहुंचे मालिक ने गोदाम में लगी भीषण आग देखकर पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही जगदीशपुर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा अधिकांश सामान जलकर नष्ट हो चुका था।
टेंट हाउस के मालिक माशूक ने बताया कि सुबह 4 बजे के करीब मुझे फोन आया कि दुकान में आग लगी हुई है। मैं भाग कर दुकान पहुंचा और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को फोन किया। जब तक आग पर काबू पाया गया तब तक आग से टेंट हाउस का सारा सामान जलकर नष्ट हो गया था। आग से लगभग 35 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। फिलहाल आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग मामले की जांच में जुटे हैं।
इस मामले में जगदीशपुर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक धीरेंद्र कुमार यादव ने बताया कि घटना की जानकारी डायल 112 के माध्यम से मुझे भी प्राप्त हुई है। कोतवाली क्षेत्र के महमदपुर स्थित हिंद टेंट हाउस के गोदाम की घटना है। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने आग पर काबू पा लिया है। संभवतः शॉर्ट सर्किट के करण गोदाम में आग लगी है। घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। दुकान में नुकसान बहुत हुआ है। लगभग कितने मूल्य का सामान जला है यह तो टेंट हाउस का मालिक ही बता पाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी

