कपड़े के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों के नुकसान की आशंका
जौनपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। यूपी के जौनपुर नगर कोतवाली क्षेत्र में नगर पालिका परिषद कार्यालय के पीछे स्थित एबीएम गारमेंट की गोदाम में गुरुवार को भीषण आग लग गई। आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना पर पहुंची दमकल की तीन गाड़ियों ने करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जबकि गोदाम में रखे कपड़ों को काफी नुकसान होने की आशंका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, गोदाम के ऊपरी हिस्से से धुआं निकलता देख कर्मचारियों को आग लगने की जानकारी हुई। इसके बाद वहां काम कर रहे लोग बाहर निकल आए और दमकल विभाग को सूचना दी गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। दमकलकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया और काफी प्रयास के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फायर ब्रिगेड के अधिकारी राम प्रकाश ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंच गई थी। दमकल की तीन गाड़ियों की मदद से आग बुझा दी गई है। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और गोदाम में हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है। प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है।
वहीं, पड़ोसी दुकानदार रामकृष्ण पाल ने बताया कि वह केराकत स्थित अपने कार्यालय में थे, तभी घर से फोन पर आग लगने की सूचना मिली। उन्होंने कहा कि इस गली में पहले भी आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं। रास्ते में अवरोध रहने से आपात स्थिति में दमकल की गाड़ियों के आवागमन में परेशानी हो सकती है। गोदाम में कपड़ों का काफी स्टॉक होने के कारण भारी नुकसान की आशंका है। हालांकि, नुकसान की वास्तविक स्थिति का पता आकलन के बाद ही चल सकेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

