मुरादाबाद : निर्यात फैक्ट्री में लगी आग काे बुझाने में जुटे दमकल कर्मी

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद : निर्यात फैक्ट्री में लगी आग काे बुझाने में जुटे दमकल कर्मी


मुरादाबाद, 14 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मुरादाबाद जनपद के थाना कटघर क्षेत्र रामपुर दौराहा स्थित एक निर्यात फैक्ट्री में सोमवार को भीषण आग लग गई। कुछ ही देर में आग ने इतना विकराल रूप ले लिया कि दाे से तीन किलोमीटर दूर से भी धुंआ ही धुंआ दिखाई दे रहा है। दमकल कर्मी कड़ी मशक्कत से आग बुझाने में लगे हुए हैं। वहीं, फायर ब्रिगेड की 10 से अधिक गाड़ियां उपयोग में आ चुकी हैं, लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है।

निर्यातक मोहम्मद तसलीम की रामपुर दाेराहे पर आरएच इंटरनेशनल के नाम से निर्यात फैक्ट्री है, जिसमें हैंडीक्राफ्ट आइटम तैयार किए जाते हैं। सोमवार सुबह अचानक फैक्ट्री के एक हिस्से में भीषण आग की लपेट उठनी शुरू हो गई। फैक्ट्री में मौजूद चौकीदार ने तुरंत फैक्ट्री मालिक को आग की सूचना दी। इसके बाद थाना कटघर पुलिस और दमकल विभाग की गाड़ियां व कर्मचारी मौके पर पहुंच गए। देखते ही देखते आग की लपटों ने विकराल रूप ले लिया। दमकल कर्मियों ने तुरंत आग को बुझाना शुरू कर दिया, लेकिन आग और अधिक बढ़ती चली गई। आग बुझाने में दमकल विभाग की 10 से अधिक गाड़ियां लग चुकी हैं, लेकिन अभी तक आग पर काबू नहीं पाया गया है।

मुख्य अग्निशमन अधिकारी राजीव पांडे ने बताया कि निर्यात फैक्ट्री आरएच इंटरनेशनल में आग कैसे लगी यह बता पाना अभी मुश्किल है। फिलहाल 10 से अधिक फायर ब्रिगेड गाड़ियां आग बुझाने के लिए उपयोग में आ चुकी है। आग पर काबू पाने में दमकल कर्मी भी जुटे हुए हैं, जल्द ही आग पर काबू पा लिया जाएगा।

-----------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story