मथुरा: खाली टैंकर में वेल्डिंग के दौरान विस्फोट, दो मजदूरों की मौत

WhatsApp Channel Join Now
मथुरा: खाली टैंकर में वेल्डिंग के दौरान विस्फोट, दो मजदूरों की मौत


मथुरा, 29 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले के थाना रिफाइनरी क्षेत्र के जगदम्बा इंजीनियरिंग कंपनी (वेल्डिंग वर्कशॉप) में रविवार पूर्वाह्न एक दर्दनाक हादसा हो गया। खाली पेट्रोल टैंकर की मरम्मत (रिपेयरिंग) के दौरान अचानक तेज धमाके के साथ चैंबर फट गया। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि टैंकर ड्राइवर गंभीर रूप से घायल हो गया। उसका अस्पताल में इलाज जारी है।

पुलिस के अनुसार, रविवार पूर्वाह्न लगभग 11:30 बजे थाना रिफाइनरी को सूचना मिली थी कि बाद पुल के निकट सर्विस रोड पर स्थित वर्कशॉप में खड़े एक टैंकर में विस्फोट हुआ है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अनुराग चौधरी पुलिस बल, फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे।

जांच में सामने आया कि वर्कशॉप में टैंकर की मरम्मत का कार्य चल रहा था। टैंकर खाली होने के बावजूद उसके अंदर पेट्रोल के अवशेषों से ज्वलनशील गैस बनी हुई थी। जैसे ही वेल्डर ने लीकेज वाले स्थान पर वेल्डिंग का काम शुरू किया, चिंगारी से गैस ने आग पकड़ ली और जोरदार धमाका हो गया। विस्फोट इतना जबर्दस्त था कि टैंकर के भीतर काम कर रहा वेल्डर झुलस गया।

हादसे की चपेट में आकर रांची बांगर निवासी वेल्डर प्रेमपाल, बाद निवासी गोपी काका और ट्रक चालक खजान सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को तुरंत अस्पताल भिजवाया। गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें स्वर्ण जयंती अस्पताल से सिटी हॉस्पिटल न्यूरो सेंटर रेफर किया गया, जहां चिकित्सकों ने वेल्डर प्रेमपाल और गोपी काका को मृत घोषित कर दिया। वहीं, टैंकर ड्राइवर खजान सिंह का अस्पताल में इलाज जारी है, जिसकी स्थिति अभी सामान्य है। पुलिस ने शवों का पंचायतनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।

घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्राधिकारी (सीओ) रिफाइनरी देवेश सिंह भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लेकर लोगों से विस्तृत जानकारी जुटाई। सीओ रिफाइनरी ने बताया कि पुलिस ने टैंकर को कब्जे में ले लिया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है कि खाली टैंकर के अंदर ज्वलनशील गैस कैसे मौजूद थी और वेल्डिंग से पहले सुरक्षा मानकों या गैस-फ्री करने की प्रक्रिया का पालन क्यों नहीं किया गया।

हादसे के तुरंत बाद सर्विस रोड पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हो गया था। थाना प्रभारी पुलिस टीम की मदद से जाम को खुलवाकर यातायात को सुचारू कराया। पुलिस मामले में अग्रिम वैधानिक कार्रवाई कर रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

785463 Articles

Share this story