मुरादाबाद में सामूहिक विवाह 15 से 17 अक्टूबर तक

WhatsApp Channel Join Now
मुरादाबाद में सामूहिक विवाह 15 से 17 अक्टूबर तक


मुरादाबाद, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मुरादाबाद जिले में गरीब बेटियों की शादी के लिए जिला प्रशासन ने सामूहिक विवाह की तिथि 15, 16 और 17 अक्टूबर निर्धारित कर दी है। कार्यक्रम स्थान का चयन सीडीओ बैठक के बाद निर्धारित करेंगी।

जिला समाज कल्याण अधिकारी प्रज्ञा वाजपेई ने मंगलवार काे बताया कि शासन ने जिले में 906 गरीब बेटियों की शादी सामूहिक विवाह योजना के तहत कराने के लिए लक्ष्य निर्धारित किया है। इस मामले में इच्छुक बेटियां और उनके अभिभावकों को ब्लॉक स्तर पर आवेदन देने के निर्देश दिए गए थे। जिले के सभी आठों ब्लॉक में आवेदन लिए गए हैं।

इस मामले में जिलाधिकारी अनुनय झा ने सामूहिक विवाह के लिए 15 से 17 अक्टूबर तक की तिथि निर्धारित की है। जिला समाज कल्याण अधिकारी ने इस मामले में बुद्धि विहार के एक स्थान का चयन किया है ,लेकिन स्थान के मामले में अंतिम निर्णय मुख्य विकास अधिकारी मृणाली अविनाश जोशी करेंगी। स्थान निर्धारित होने के बाद ब्लॉक से आवेदन समाज कल्याण विभाग भेजे जाएंगे। इस मामले में सीडीओ के माध्यम से आवेदनों की जांच भी कराई जाएगी।

शासन ने प्रत्येक जोड़े की शादी पर एक लाख रुपये खर्च करने का निर्णय लिया है। पिछले साल बुद्धि विहार और जीरो पॉइंट स्थित एक स्कूल परिसर में सामूहिक विवाह आयोजित किए गए थे। इस दौरान उपहार के सामान देने को लेकर सवाल उठाए गए थे। अंत में जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर शासन ने एडीओ प्रशांत कुमार को निलंबित कर दिया।

--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story