15 अप्रैल को होगा सामूहिक यज्ञोपवीत व विवाह समारोह, तैयारियां तेज : सुनील चंद्र तिवारी

WhatsApp Channel Join Now
15 अप्रैल को होगा सामूहिक यज्ञोपवीत व विवाह समारोह, तैयारियां तेज : सुनील चंद्र तिवारी


कानपुर, 29 मार्च (हि.स.)। 15 अप्रैल को संस्कार लान, किदवई नगर में आयोजित होने वाले सामूहिक यज्ञोपवीत एवं विवाह समारोह की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए विभिन्न समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंप दी गई हैं और इसे भव्य रूप देने के लिए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। यह आयोजन सामाजिक समरसता और पारंपरिक संस्कारों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।” यह बातें रविवार को अखिल भारतीय कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा के महामंत्री सुनील चंद्र तिवारी ने कहीं।

अखिल भारतीय कान्यकुब्ज ब्राह्मण महासभा की ओर से 15 अप्रैल को संस्कार लान, किदवई नगर में सामूहिक यज्ञोपवीत एवं विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। इस संबंध में रविवार को हुई बैठक में कार्यक्रम की रूपरेखा तय करते हुए विभिन्न उप समितियों का गठन कर जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

बैठक में भोजन, प्रचार-प्रसार, स्वागत, मंच संचालन सहित अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग समितियां बनाई गईं। भोजन व्यवस्था समिति का संयोजन पंडित नरेश कुमार गुप्ता को दिया गया, जबकि प्रचार-प्रसार की जिम्मेदारी प्रांतीय सचिवों को सौंपी गई।

समारोह के सफल आयोजन के लिए आचार्य मंडल का गठन किया गया है। इसमें पंडित शरद प्रसाद शुक्ल के संयोजन में पंडित कृष्ण शंकर शुक्ला, पंडित संतोष कुमार मिश्र, पंडित राम प्रकाश शुक्ला सहित कुल 11 आचार्यों को दायित्व दिया गया है।

टेंट, लाइट और स्वागत व्यवस्था के लिए भी समितियां गठित कर दी गई हैं। आर्थिक सहयोग और अन्य व्यवस्थाओं के लिए पदाधिकारियों को अलग-अलग क्षेत्रों में जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही शहर के विभिन्न इलाकों में होर्डिंग, पोस्टर और पत्रक वितरण की योजना बनाई गई है।

केंद्रीय महामंत्री सुनील चंद्र तिवारी ने बताया कि संस्था द्वारा अब तक 5300 लड़कों का यज्ञोपवीत, 900 कन्याओं का विवाह और 11 विधवाओं का पुनर्विवाह कराया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार भी बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की उम्मीद है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story