श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत बन रही है सामूहिक विवाह योजना : रमेश अवस्थी
कानपुर, 14 मई (हि.स.)। सामूहिक विवाह योजना श्रमिक परिवारों के लिए बड़ी राहत बन रही है और सरकार गरीब परिवारों की बेटियों के विवाह में आर्थिक सहयोग देकर सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है। योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाया जा रहा है, जिससे श्रमिक परिवारों को आर्थिक और सामाजिक संबल मिल रहा है। यह बातें गुरुवार को सांसद रमेश अवस्थी ने पांडु नगर स्थित राजकीय आईटीआई ग्राउंड में आयोजित सामूहिक विवाह समारोह में कही।
श्रम विभाग कानपुर द्वारा उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड की कन्या विवाह सहायता योजना के अंतर्गत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 98 जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया, जिनमें 96 हिंदू और दो मुस्लिम जोड़े शामिल रहे। इस आयोजन में कानपुर नगर, कानपुर देहात, औरैया, इटावा, फर्रुखाबाद तथा कन्नौज जनपदों के वर-वधुओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद रमेश अवस्थी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर विधायक नीलिमा कटियार, मुख्य विकास अधिकारी अभिनव जे. जैन और अपर श्रम आयुक्त जुनैद अहमद समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद दांपत्य जीवन के लिए शुभकामनाएं और आशीर्वाद दिया।
श्रम विभाग के अधिकारियों के अनुसार सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत कुल 101 आवेदन प्राप्त हुए थे। योजना के तहत पंजीकृत निर्माण श्रमिकों की पुत्रियों के विवाह के लिए प्रति लाभार्थी 85 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे बैंक खातों में भेजी जाएगी। वहीं सामूहिक विवाह आयोजन के लिए प्रति जोड़े 15 हजार रुपये की धनराशि आयोजनकर्ता को उपलब्ध कराई जाती है।
समारोह में हिंदू जोड़ों का विवाह वैदिक रीति-रिवाज से पुरोहितों द्वारा संपन्न कराया गया, जबकि मुस्लिम जोड़ों का निकाह मौलवी द्वारा पढ़ाया गया। विवाह के बाद प्रत्येक जोड़े को उपहार और पांच-पांच किलो मिठाई भेंट की गई। कार्यक्रम में शामिल लोगों के लिए भोजन और जलपान की भी समुचित व्यवस्था की गई थी।
करीब दो हजार लोगों की संभावित उपस्थिति को देखते हुए आयोजन स्थल पर एंबुलेंस, मेडिकल टीम, शुद्ध पेयजल और अस्थायी शौचालय जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।
आयोजन को सफल बनाने में अपर श्रम आयुक्त कानपुर क्षेत्र प्रदीप कुमार सिंह, सहायक श्रम आयुक्त राम लखन पटेल समेत श्रम विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

