फांसी लगाकर राजमिस्त्री ने दी जान, पुलिस जांच में जुटी
कानपुर, 22 मार्च (हि.स.)। कल्याणपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत रविवार को राजमिस्त्री ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की पड़ताल में जुट गयी है।
कल्याणपुर के खुर्द में रहने वाला राकेश वर्मा (35) राजमिस्त्री था। परिवार में पत्नी पूनम और दो बेटे ऋषभ और ऋषि हैं। परिजनों ने बताया कि राकेश शराब पीने का आदी था। वह अक्सर शराब पीकर घर में झगड़ा करता था। जिसे लेकर उसे कई बार समझाया भी गया, लेकिन वह नहीं माना। कई बार तो शराब के नशे में पत्नी के साथ मारपीट भी कर देता था।
आज भी शराब के नशे में उसका परिजनों से झगड़ा हो गया। उसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। काफी देर तक जब उसने दरवाजा नहीं खोला तो किसी अनहोनी की आशंका के चलते परिजनों ने खिड़की से देखा। तो पाया कि उसका शव फांसी के फंदे से झूल रहा था। आनन-फानन में घटना की सूचना पुलिस को दी गई।
कल्याणपुर थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

