सुहागिनों ने चांद का दीदार कर तोड़ा व्रत, पति का लिया आशीर्वाद

WhatsApp Channel Join Now
सुहागिनों ने चांद का दीदार कर तोड़ा व्रत, पति का लिया आशीर्वाद


सुहागिनों ने चांद को अर्घ देकर पति की पूजा कर मांगी लंबी उम्रहमीरपुर, 29 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में धूमधाम से महिलाओं ने करवा चौथ पर्व मनाया। इस पर्व को लेकर नव विवाहिताओं में खासा उत्साह दिखाई दिया। सुबह से ही महिलाओं ने पूजा पाठ की सामग्री तैयार करना शुरू कर दी और सारा दिन निर्जला व्रत रखकर देर शाम सोलह श्रृंगार कर अपने चांद का दीदार किया और उनके हाथों से पानी पीकर व्रत तोड़ा।

मुख्यालय समेत जिले भर में सुहागिनों का प्रमुख त्योहार माना जाने वाला करवाचौथ पर्व धूमधाम से मनाया गया। देर शाम जैसे ही चांद निकला वैसे ही छतों पर पूजा की थाली लेकर पहुंची महिलाओं ने चंद्रमा को अर्घ्य देकर पूजा पाठ किया और एक दूसरे को कथा भी सुनाईं। इसके बाद सुहागिनों ने पति के हाथ से पानी पीकर इस अखंड व्रत को तोड़ा। नव विवाहिताओं के साथ साथ बुजुर्ग सुहागिन महिलाओं में भी करवाचौथ के पर्व का खासा उत्साह देखने को मिला। सारा दिन बुजुर्ग महिलाओं ने व्रत रखा और शाम को चांद निकलने के बाद अपने पति का चलनी से चेहरा देखकर उनके हाथों से पानी पीकर व्रत तोड़ा। इतना ही नहीं बुजुर्ग दंपत्तियों ने भी सेल्फी लेकर इस पल को यादगार बनाया। इस दौरान सुहागिनों ने अपने सजना संग जमकर सेल्फी भी लीं। वहीं जेल में भी महिलाओं ने करवा चौथ व्रत रखा।

श्रद्धा और उल्लास से मनाया गया करवा चौथ का त्योहारसुमेरपुर कस्बा सहित आसपास के ग्रामीण इलाकों में करवा चौथ पर्व हर्षाेल्लास के साथ मनाया गया। महिलाओं ने दिन भर निर्जला व्रत रखकर शाम को सामूहिक रूप से पूजा आरती और मंगल गायन किया। बाजारों में खरीदारी के लिए महिलाओं की खासी भीड़ उमड़ी। सभी ने पति की दीर्घायु के लिए निर्जला व्रत रखकर शाम को छलनी से चंद्र दर्शन और पति के दर्शन के बाद पति के हाथों पानी पीकर निर्जला व्रत तोड़ा। सभी इलाकों में चंद्र दर्शन से पूर्व महिलाओं ने सामूहिक रूप से भगवान गणेश और करवे की पूजा अर्चना की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

769088 Articles

Share this story