बोलेरो-ऑटो की भीषण भिड़ंत, दो मासूमों की मौत व दो गंभीर

WhatsApp Channel Join Now
बोलेरो-ऑटो की भीषण भिड़ंत, दो मासूमों की मौत व दो गंभीर


फतेहपुर, 01 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में शुक्रवार को तेज रफ्तार बोलेरो ने ऑटो को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ऑटो में सवार दो मासूमों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद चीख-पुकार मच गई और गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया।

कोतवाली बिंदकी क्षेत्र के जोनिहां कस्बे के पास शाम ऑटो में सवार आर्यन (14) पुत्र रामसागर निवासी डांडा मजरा थाना जाफरगंज व आशी (05) पुत्री मुन्नालाल निवासी रजवा खेड़ा उन्नाव की मौके पर ही मौत हो गई। दोनों मासूमों की मौत से दोनों परिवारों में मातम छा गया। वहीं घटना में अंकित (18) पुत्र घसीटेलाल निवासी कानपुर व किरण देवी (35) पत्नी सत्यवीर निवासी अलीगढ़ गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

ऑटो में कुल सात लोग सवार थे, जो कानपुर से जाफरगंज थाना क्षेत्र के कटिलिहा गांव में एक बच्चे के मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे थे। मार्ग दुर्घटना से खुशियों का यह सफर अचानक मातम में बदल गया। दुर्घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर जाम लगा दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। सूचना मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और लोगों को समझाकर जाम खुलवाने का प्रयास किया।

बिन्दकी कोतवाली प्रभारी राजेन्द्र सिंह ने बताया कि घटना की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंच कर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। दोनों मासूम बच्चों के शवों को पोस्टमार्टम भेज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार

Share this story