आमजन की समस्याओं का समयबद्ध निस्तारण करें सुनिश्चित : ए.के.शर्मा
लखनऊ, 16 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने गुरुवार को लखनऊ स्थित अपने सरकारी आवास पर आयोजित जनसुनवाई में विभिन्न जनपदों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनसुनवाई के दौरान विद्युत बिल संशोधन, नए विद्युत कनेक्शन, ट्रांसफार्मर स्थापना, पेयजल, सीवर, सफाई, अतिक्रमण सहित अन्य जनसमस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं।
मंत्री शर्मा ने प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शिकायतों का त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आमजन की समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी तथा प्रत्येक शिकायत का निस्तारण संवेदनशीलता एवं जवाबदेही के साथ किया जाए।
जनसुनवाई को और अधिक प्रभावी बनाने के उद्देश्य से मंत्री शर्मा ने आज विशेष रूप से ऊर्जा विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों को उपस्थित रहने के निर्देश दिए थे। उनके निर्देश पर यूपीपीसीएल के निदेशक (वाणिज्य) ध्यान मथाई तथा निदेशक (तकनीकी) जी. डी. द्विवेदी जनसुनवाई में उपस्थित रहे। मंत्री शर्मा ने दोनों अधिकारियों को विद्युत संबंधी शिकायतों का मौके पर परीक्षण कर गुणवत्तापूर्ण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

