मनरेगा की निगरानी में पूरे देश में यूपी निरंतर अव्वल

एरिया ऑफिसर मोबाइल एप्लीकेशन से हो रहे निरीक्षणलखनऊ, 21 मार्च (हि.स.)। मनरेगा के तहत कार्यों की निगरानी के लिए एरिया ऑफिसर ऐप का उपयोग किया जा रहा है। एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से अधिकारी जांच भ्रमण के समय मनरेगा के प्रगतिशील कार्यों की गुणवत्ता तथा उपयोगिता पर कार्यस्थल की फोटो ससमय अपलोड की जाती है। मनरेगा योजना के अंतर्गत चल रहे कार्यों की निगरानी के लिए सरकार द्वारा एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से निरीक्षण का कार्य कराया जा रहा है।महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी अधिनियम (मनरेगा) की सटीक निगरानी सुनिश्चित करने के लिए अत्याधुनिक तकनीक का उपयोग ग्राम्य विकास विभाग द्वारा किया जा रहा है। इस ऐप के जरिए मनरेगा योजनाओं के प्रगतिशील कार्यों की गुणवत्ता और पारदर्शिता पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के नेतृत्व व निर्देशन में प्रदेश न केवल मनरेगा के तहत रोजगार सृजन और ग्रामीण विकास में आगे है, बल्कि एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से कार्यों के निरीक्षण में यह देशभर में अन्य राज्यों के लिए एक आदर्श मॉडल बन रहा है।
एरिया ऑफीसर 2.0 रिपोर्ट के मुताबिक कार्यक्रम अधिकारियों द्वारा किये गये निरीक्षण में प्रदेश वर्तमान में सबसे आगे, प्रदेश द्वारा निर्धारित लक्ष्य से भी ज्यादा निरीक्षण कर उपलब्धि हासिल की है। प्रदेश में वर्तमान वित्तीय वर्ष में अब तक निर्धारित लक्ष्य 1,49,220 को पार करते हुए 1,85,622 निरीक्षण किये जा चुके हैं। इस वर्ष 20.03.2025 तक टॉप 5 स्टेट में उत्तर प्रदेश में 1,85,622, झारखंड में 1,35,422, आन्ध्र प्रदेश में 126063, बिहार में 98593, तेलंगाना में 97544 निरीक्षण किये गये है।
कार्यक्रम अधिकारियों ने किये निरीक्षणवर्तमान वित्तीय वर्ष 2024-25 में लक्ष्य के सापेक्ष खण्ड विकास अधिकारी/कार्यक्रम अधिकारी द्वारा कार्यस्थलों का तेजी से निरीक्षण का कार्य किया जा रहा है। वर्ष 2024-25 में लक्ष्य के सापेक्ष 1 अप्रैल 2024 से अब तक 1,85,622 निरीक्षण किये जा चुके हैं।
एरिया ऑफिसर ऐप के माध्यम से मनरेगा योजनाओं की निगरानी को सशक्त बनाया जा रहा है। इस ऐप के जरिए निरीक्षण के दौरान अधिकारी कार्यस्थलों की तस्वीरें और अन्य आवश्यक विवरण अपलोड करते हैं। इससे यह सुनिश्चित होता है कि योजनाओं के तहत हो रहे कार्य सही समय पर और निर्धारित मानकों के अनुरूप पूरे हो रहे हैं। जिससे ग्रामीण क्षेत्रों में पारदर्शिता और कार्यों की गुणवत्ता में सुनिश्चित हो रही है।
आयुक्त, ग्राम्य विकास जी0एस0 प्रियदर्शी द्वारा अवगत कराया गया कि मनरेगा के तहत सभी कार्य निर्धारित समय पर और उच्च गुणवत्ता के साथ पूरे हों। इसके लिए जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और खंड विकास अधिकारी नियमित रूप से बकायदा कार्यस्थलों का दौरा कर योजनाओं की प्रगति का जायजा ले रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन