गरीबों को सम्मानपूर्वक राशन दें कोटेदार : मनोज कुमार पांडेय

WhatsApp Channel Join Now
गरीबों को सम्मानपूर्वक राशन दें कोटेदार : मनोज कुमार पांडेय


लखनऊ, 28 नवंबर (हि.स.)। ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के तत्वावधान में रविंद्रालय में आयोजित प्रदेश स्तरीय कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के खाद्य एवं रसद तथा नागरिक आपूर्ति मंत्री मनोज कुमार पांडेय ने कोटेदारों से भी अपनी जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी और संवेदनशीलता के साथ निभाने की अपील की।

उन्होंने कहा कि जिस प्रकार सरकार कोटेदारों के हितों और सम्मान की चिंता करती है, उसी प्रकार कोटेदारों का भी दायित्व है कि वे राशन लेने आने वाले गरीब और जरूरतमंद लाभार्थियों के साथ अच्छा व्यवहार करें। प्रत्येक पात्र व्यक्ति को सम्मानपूर्वक राशन उपलब्ध कराया जाए। किसी भी लाभार्थी को राशन लेने के दौरान अपमानित अथवा परेशान न होना पड़े। निर्धारित मात्रा में गुणवत्तापूर्ण राशन का वितरण पूरी पारदर्शिता के साथ किया जाए।

खाद्य एवं रसद मंत्री ने स्पष्ट कहा कि कोटेदारों का शोषण करने, उनसे अवैध वसूली करने अथवा भ्रष्टाचार के जरिए उन्हें परेशान करने वाले किसी भी अधिकारी या कर्मचारी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को चेतावनी देते हुए कहा कि कोटेदारों के साथ सम्मानजनक व्यवहार किया जाए। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी द्वारा अनुचित दबाव बनाया जाता है अथवा अवैध वसूली की जाती है तो ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। सरकार कोटेदारों के जायज हितों और उनके सम्मान की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।

मंत्री मनोज पांडेय ने कहा कि प्रदेश के लगभग 16 करोड़ लाभार्थियों तक खाद्यान्न पहुंचाने में कोटेदारों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सार्वजनिक वितरण प्रणाली गरीबों के अधिकारों से जुड़ी व्यवस्था है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की अनियमितता स्वीकार नहीं की जाएगी।

कार्यक्रम में हाल ही में उचित दर विक्रेताओं के लाभांश में की गई वृद्धि को लेकर कोटेदार संगठनों ने खाद्य एवं रसद मंत्री मनोज कुमार पांडेय का विशेष आभार व्यक्त किया।

इस अवसर पर ऑल इंडिया फेयर प्राइस शॉप डीलर एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष राजेश तिवारी एवं संगठन के पदाधिकारियों ने मंत्री मनोज कुमार पांडेय का बड़ी माला पहनाकर एवं गदा भेंटकर भव्य स्वागत और सम्मान किया।

कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, कन्हैया शर्मा, दीप नारायण राय सहित अन्य पदाधिकारी तथा प्रदेश के विभिन्न जनपदों से बड़ी संख्या में आए उचित दर विक्रेता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784847 Articles

Share this story