‘मन की बात’ 20,845 बूथों पर सुनी जाएगी, तैयारियां पूरी : प्रकाश पाल

WhatsApp Channel Join Now
‘मन की बात’ 20,845 बूथों पर सुनी जाएगी, तैयारियां पूरी : प्रकाश पाल


कानपुर, 23 अप्रैल (हि.स.)। प्रधानमंत्री के ‘मन की बात’ कार्यक्रम को जन-जन तक पहुंचाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं। कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के सभी बूथों पर कार्यकर्ता और आम नागरिक इस कार्यक्रम को सुनेंगे। संगठन के प्रत्येक स्तर पर जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं ताकि कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हो सके। जनप्रतिनिधि भी अपने-अपने बूथों पर मौजूद रहेंगे और जनता के साथ जुड़ेंगे। यह बातें गुरुवार को भाजपा क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 26 अप्रैल को अपने रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 133वें संस्करण के माध्यम से देश को संबोधित करेंगे। इसको लेकर भारतीय जनता पार्टी के कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र में व्यापक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने पार्टी मुख्यालय में बैठक कर कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।

उन्होंने बताया कि क्षेत्र के 17 जिलों के कुल 20,845 बूथों पर कार्यकर्ता और आम जनमानस इस कार्यक्रम को सुनेंगे। प्रकाश पाल स्वयं औरैया जिले के एक बूथ से कार्यक्रम में शामिल होंगे। बैठक में क्षेत्रीय टोली को कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

इस दौरान पवन पांडे, हर्ष द्विवेदी, मोहित सोनकर, ऋषभ शुक्ला, रामू चंदेल, अमित प्रजापति, सौरभ कमल, अमित परिहार, मनु सिंह और अर्शी सुल्तान सहित अन्य पदाधिकारियों को विभिन्न दायित्व दिए गए। कार्यक्रम के क्षेत्रीय संयोजक अनूप अवस्थी औरैया में रहकर व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।

संगठन के निर्देशानुसार क्षेत्र के सभी जनप्रतिनिधियों को बूथ आवंटित किए गए हैं। सांसद, विधायक, पार्षद और अन्य पदाधिकारी अपने-अपने बूथों पर उपस्थित रहकर जनता के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम सुनेंगे।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

Share this story