डेढ़ साल से बिछड़े मंजीत को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियां

WhatsApp Channel Join Now
डेढ़ साल से बिछड़े मंजीत को पुलिस ने परिजनों से मिलाया, परिवार में लौटी खुशियां


बांदा, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के के जनपद बांदा में ऑपरेशन मुस्कान के तहत मरका थाना पुलिस ने मानवीय संवेदनशीलता और सूझबूझ का परिचय देते हुए करीब डेढ़ वर्ष से लापता मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति को उसके परिजनों से मिला दिया। लंबे समय से अपनों की तलाश कर रहे परिवार को जब मंजीत शुक्ला के सकुशल मिलने की खबर मिली तो उनकी खुशियों का ठिकाना नहीं रहा।

थानाध्यक्ष सूबेदार बिंद के मुताबिक, 10 नवंबर को पुलिस टीम क्षेत्र में भ्रमण कर रही थी। इसी दौरान एक मानसिक रूप से अस्वस्थ व्यक्ति भटकता हुआ मिला। वह अपना नाम-पता बताने में असमर्थ था। पुलिस टीम उसे थाने ले आई और काफी धैर्य व आत्मीयता के साथ बातचीत की। लगातार प्रयासों के बाद उसने सीमित शब्दों में अपना नाम मंजीत और पता प्रयागराज के दारागंज स्थित बेनी माधव मंदिर बताया।

इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने तत्काल प्रयागराज के दारागंज क्षेत्र में संपर्क साधा और बेनी माधव मंदिर के आसपास के लोगों से उसके परिजनों के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद व्यक्ति की फोटो मोबाइल से परिजनों को भेजकर पहचान कराई गई। परिजनों ने उसकी पहचान मंजीत शुक्ला के रूप में की और बताया कि वह करीब डेढ़ साल से लापता था। परिवार के लोग लगातार उसकी तलाश कर रहे थे।

बुधवार 11 नवंबर को परिजन थाना मरका पहुंचे। आवश्यक सत्यापन और विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने मंजीत शुक्ला को सकुशल उनके सुपुर्द कर दिया। लंबे अरसे बाद अपने बिछड़े सदस्य को सामने देखकर परिजन भावुक हो उठे। उन्होंने मरका पुलिस की मानवीय पहल और सराहनीय प्रयास के लिए पुलिस टीम का हृदय से आभार जताया।

हिन्दुस्थान समाचार / अनिल सिंह

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

775579 Articles

Share this story