मंडल रेलवे चिकित्सालय में वृहद कैंसर जांच एवं जागरूकता

WhatsApp Channel Join Now
मंडल रेलवे चिकित्सालय में वृहद कैंसर जांच एवं जागरूकता


मुरादाबाद, 04 फरवरी (हि.स.)। विश्व कैंसर दिवस के अवसर पर मंडल रेलवे चिकित्सालय मुरादाबाद में रेलवे कर्मचारियों एवं उनके परिजनों के लिए एक वृहद कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाना, इसकी समय पर पहचान सुनिश्चित करना तथा उचित उपचार के महत्व को रेखांकित करना था।

शिविर में उजाला सिग्नस ब्राइटस्टार चिकित्सालय, मुरादाबाद से आमंत्रित दो वरिष्ठ कैंसर रोग विशेषज्ञों द्वारा लाभार्थियों को कैंसर के प्रारंभिक लक्षणों, संभावित कारणों, जोखिम कारकों तथा रोकथाम के उपायों के संबंध में विस्तारपूर्वक जानकारी प्रदान की गई। विशेषज्ञों ने नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित जीवनशैली एवं किसी भी संदिग्ध लक्षण की स्थिति में शीघ्र चिकित्सकीय परामर्श लेने पर विशेष बल दिया।

इस अवसर पर बड़ी संख्या में रेलवे कर्मचारी एवं लाभार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक स्वास्थ्य परामर्श प्रदान किया गया तथा उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग एवं जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया गया।

मंडल चिकित्सालय के अधिकारियों ने बताया कि इस प्रकार के स्वास्थ्य जागरूकता एवं जांच कार्यक्रमों से कर्मचारियों एवं उनके परिवारजनों के स्वास्थ्य स्तर में सुधार होता है तथा गंभीर बीमारियों की प्रारंभिक अवस्था में पहचान संभव हो पाती है। कार्यक्रम का समापन सफलतापूर्वक हुआ, जिसमें सभी उपस्थित जनों ने स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नियमित स्वास्थ्य जांच कराने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story