मंडल आयुक्त ने समाधान दिवस में सुनी जनता की समस्याएं

WhatsApp Channel Join Now
मंडल आयुक्त ने समाधान दिवस में सुनी जनता की समस्याएं


हाथरस, 06 जून (हि.स.)। जिले की सासनी तहसील परिसर में शनिवार को आयोजित ‘संपूर्ण समाधान दिवस’ की अध्यक्षता करते हुए अलीगढ़ मंडल की मंडलायुक्त संगीता सिंह ने जिलाधिकारी अतुल वत्स एवं पुलिस अधीक्षक चिरंजीव नाथ सिन्हा की उपस्थिति में फरियादियों की समस्याएं सुनीं गई। समाधान दिवस के दौरान कुल 82 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 16 मामलों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कर दिया गया। शेष शिकायतों को समयबद्ध निस्तारण के लिए संबंधित विभागीय अधिकारियों को सौंपा गया।

सुनवाई के दौरान प्राप्त शिकायतों के निस्तारण की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कड़े लहजे में अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं का समाधान पारदर्शी, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध तरीके से किया जाए, ताकि आम जनता को अपने छोटे-छोटे कामों के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। उन्होंने दो टूक कहा कि शिकायतों का केवल कागजी निस्तारण नहीं, बल्कि धरातल पर उनका स्थायी और संतोषजनक समाधान सुनिश्चित होना चाहिए।

मिलेट्स उत्पादों के स्टॉल का किया अवलोकन समाधान दिवस के बाद मंडलायुक्त ने विभिन्न विभागों को जनहित में लगाए गए स्टॉलों का औचक निरीक्षण किया और वहां संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की जानकारी ली। बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग के स्टॉल पर पहुंचे अधिकारियों ने वहां प्रदर्शित मिलेट्स (श्रीअन्न) से बने विभिन्न पौष्टिक उत्पादों का बारीकी से अवलोकन किया। इस दौरान मंडलायुक्त ने मोटे अनाज के पोषण संबंधी महत्व और इसके फायदों पर भी विस्तृत चर्चा की।

उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप हर पात्र लाभार्थी को योजनाओं का लाभ समय पर मिलना चाहिए। साथ ही, राजस्व और पुलिस विभाग से जुड़े जमीनी विवादों के मामलों को प्राथमिकता के आधार पर संयुक्त टीम भेजकर निस्तारित किया जाए।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना

Share this story