औरैया : फफूंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत

WhatsApp Channel Join Now
औरैया : फफूंद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन से कटकर अधेड़ की मौत


लऔरैया, 20 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र के फफूंद रेलवे स्टेशन पर बुधवार तड़के ट्रेन की चपेट में आने से एक अधेड़ व्यक्ति की मौत हो गई। मृतक की पहचान संजय नगर दिबियापुर निवासी राममहेश पोरवाल (५६) के रूप में हुई है। शव को कब्जे में लेकर थाना पुलिस अग्रिम कार्रवाई कर रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राममहेश पोरवाल पिछले कुछ समय से मानसिक रूप से अस्वस्थ चल रहे थे। बुधवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे वह बिना किसी को बताए घर से निकल गए और फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंच गए। इसी दौरान डाउन रेलवे लाइन पर किसी तेज रफ्तार ट्रेन की चपेट में आने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

सुबह जब उनके पुत्र विशाल ने पिता को घर पर न पाया तो उनकी तलाश शुरू की। खोजबीन करते हुए वह फफूंद रेलवे स्टेशन पहुंचे, जहां उन्हें पिता का शव मिला। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

जीआरपी चौकी इंचार्ज अजीत कुमार ने बताया कि गाड़ी संख्या 14218 के चालक द्वारा सूचना दी गई थी कि रेलवे ट्रैक पर एक व्यक्ति पड़ा हुआ है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

बताया गया है कि राममहेश पोरवाल रेहड़ी लगाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। परिवार में पत्नी और दो बेटे शिवम व विशाल हैं। अचानक हुए इस दुखद घटना से परिजनों का बेहाल है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story