औरैया में पारिवारिक विवाद से परेशान युवक टावर पर चढ़ा , छह घंटे बाद उतरा
औरैया, 09 अप्रैल (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के विधूना कोतवाली क्षेत्र में गुरुवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवक हाईटेंशन ट्रांसमिशन लाइन के टाॅवर पर चढ़ गया। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। लगभग छह घंटे तक समझाने-बुझाने के बाद युवक सकुशल उतर आया है।
कस्बा रुरुगंज निवासी ब्रह्मानन्द पुत्र रमेश चन्द्र सुबह के समय अचानक खेतों की ओर गया और वहां खड़े ट्रांसमिशन लाइन के ऊंचे टावर पर चढ़ गया। जब आसपास के किसानाें ने उसके परिजनों को सूचना दी। परिजन मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन युवक टावर से उतरने के लिए तैयार नहीं था। परिजनाें ने बताया जा रहा है कि ब्रह्मानन्द पिछले कुछ समय से पारिवारिक और आर्थिक विवादों के कारण मानसिक तनाव में था। उसके पिता रमेश चन्द्र ने अपने दामाद सुशील कुमार निवासी बीरपुर सौरिख के नाम एक महिंद्रा ट्रैक्टर लिया था। उक्त ट्रैक्टर को ब्रह्मानन्द ही चलाता था और उसकी किश्तें भी वह खुद चुका रहा था। जब ट्रैक्टर का लोन पूरा चुक गया, तो आरोप है कि उसके बहनोई ने सौरिख थाने में ट्रैक्टर चोरी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। इस मामले को लेकर पुलिस कई बार ब्रह्मानन्द के घर पहुंची, जिससे वह लगातार परेशान रहने लगा। वहीं यह भी बताया गया कि उसके पिता ने केसीसी, एक प्लॉट और बगिया की जमीन बेचकर आर्थिक स्थिति को संभालने का प्रयास किया, लेकिन इससे भी तनाव कम नहीं हुआ।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल मुकेश बाबू चौहान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे । उन्हाेंने बताया कि युवक काे समझा बुझा कर उतार लिया गया है और उसके जीजा के साथ चल रहे विवाद काे खत्म कराया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

