पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के गेट पर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास

WhatsApp Channel Join Now
पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के गेट पर युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास


लखनऊ, 17 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में पुलिस उप निरीक्षक पद के लिए लिखित भर्ती परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गई है। लेकिन परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे गए एक सवाल को लेकर ब्राह्मण समुदाय नाराजगी व्यक्त कर रहा है। इसी मामले में मंगलवार को एक युवक ने लखनऊ स्थित पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय के गेट पर आत्महत्या करने का प्रयास किया। सुरक्षा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ लिया, जिससे एक बड़ी अनहोनी टल गई।

युवक की पहचान बुलंदशहर जिले के निवासी दीपक शर्मा के रूप में हुई है। उसने बताया कि 14 मार्च को आयोजित यूपी पुलिस की उपनिरीक्षक पद की लिखित परीक्षा में एक विशेष प्रश्न पूछा गया था। इस प्रश्न में 'अवसरवादी' को परिभाषित करने के विकल्प के तौर पर 'पंडित' शब्द को शामिल किया गया था। आरोप है कि इस प्रश्न को परीक्षा पत्र में जानबूझकर एक विशेष समुदाय को अपमानित करने के इरादे से शामिल किया गया था। इससे ब्राह्मण समुदाय की भावनाएं आहत हुई हैं। इस अपमान से व्यथित होकर वह आज अपनी जान देने के इरादे से पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय पहुंचा था। सुरक्षा कर्मियों ने उसे हिरासत में लेकर हुसैनगंज थाना भेज दिया है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक

Share this story