लखनऊ में बनेगा 1010 बेडेड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल

WhatsApp Channel Join Now
लखनऊ में बनेगा 1010 बेडेड मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल


लखनऊ,18 मई (हि.स.)। राजधानी लखनऊ में डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के शहीद पथ स्थित नए परिसर में 1010 बेडेड का मल्टीस्पेशियलिटी हॉस्पिटल बनेगा। नए अस्पताल के निर्माण के उपरांत व्यापक स्तर पर बेड क्षमता बढ़ेगी, जिससे गंभीर एवं जटिल रोगों के उपचार हेतु अत्याधुनिक सुविधाओं का विस्तार संभव हो सकेगा। मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में आयोजित कैबिनेट बैठक में इस परियोजना को स्वीकृति प्रदान की गई।

प्रस्तावित परियोजना में आधुनिक इमरजेंसी सेवाएं, अत्याधुनिक आईसीयू, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर, सुपरस्पेशियलिटी वार्ड, इंटरवेंशनल रेडियोलॉजी सुविधाएं, स्मार्ट बिल्डिंग सिस्टम, मेडिकल गैस पाइपलाइन सिस्टम, उन्नत फायर सेफ्टी सिस्टम, आधुनिक ओपीडी सेवाएं, टीचिंग इंफ्रास्ट्रक्चर तथा पर्यावरण अनुकूल व्यवस्थाएं जैसे सोलर वाटर हीटिंग एवं रेन वाटर हार्वेस्टिंग शामिल होंगी।

यह विस्तार परियोजना न केवल प्रदेशवासियों को बेहतर, सुलभ एवं उन्नत चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक होगी, बल्कि चिकित्सा शिक्षा, शोध, सुपरस्पेशियलिटी प्रशिक्षण एवं इमरजेंसी हेल्थकेयर सेवाओं को भी नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगी।

लोहिया संस्थान के प्रवक्ता डा.भुवनचन्द्र तिवारी के अनुसार वर्तमान में संस्थान में 41 विभागों के माध्यम से उन्नत चिकित्सा सेवाएं प्रदान की जा रही हैं। प्रतिदिन लगभग 4000 मरीज ओ0पी0डी0 सेवाओं का लाभ प्राप्त करते हैं तथा प्रतिवर्ष लगभग 9 लाख ओ0पी0डी0 मरीजों एवं 50,000 से अधिक भर्ती मरीजों का उपचार किया जाता है।

इसके अतिरिक्त, ब्रॉड स्पेशियलिटी सेवाओं को शहीद पथ परिसर में स्थानांतरित किए जाने के पश्चात वर्तमान परिसर में उपलब्ध अतिरिक्त बेडों को सुपरस्पेशियलिटी विभागों हेतु आवंटित किया जा सकेगा। इससे संस्थान में सुपरस्पेशियलिटी एवं चतुर्थक (Quaternary) चिकित्सा सेवाओं में व्यापक वृद्धि होगी तथा गंभीर मरीजों को बेहतर एवं शीघ्र उपचार उपलब्ध कराया जा सकेगा। स्थान के नए परिसर में पहले से ही बॉयज एवं गर्ल्स हॉस्टल, नर्सेज फ्लैट्स, आवासीय परिसर, स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर एवं पैरामेडिकल नर्सिंग कॉलेज जैसी सुविधाएं विकसित की जा चुकी हैं।

हिन्दुस्थान समाचार / बृजनंदन

Share this story