खेत में मिला नर कंकाल और खोपड़ी, जांच में जुटी पुलिस
देवरिया, 01 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में थाना खामपार क्षेत्र अंतर्गत ग्राम करौंदी में सोमवार को एक खेत से नर कंकाल और खोपड़ी मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। मामले की जानकारी मिलने पर पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
क्षेत्राधिकारी भाटपार रानी अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि थाना खामपार पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम करौंदी के एक खेत में मानव कंकाल और खोपड़ी जैसी वस्तु दिखाई दे रही है। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र को सुरक्षित कर आवश्यक जांच शुरू की गई।
उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक विशेषज्ञों द्वारा घटनास्थल से साक्ष्य संकलित किए जा रहे हैं, ताकि कंकाल की पहचान और उसके वहां पहुंचने के कारणों का पता लगाया जा सके। बरामद अवशेषों को परीक्षण के लिए सुरक्षित कराया गया है।
सीओ अंशुमन श्रीवास्तव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह तथ्य सामने आया है कि जिस खेत से कंकाल और खोपड़ी मिली है, उसके निकट ही एक कब्रिस्तान स्थित है। ऐसे में सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। हालांकि अभी किसी निष्कर्ष पर पहुंचना जल्दबाजी होगी।
उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और पुलिस स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है। ग्रामीणों से भी सहयोग की अपील की गई है।
मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा फोरेंसिक जांच रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि बरामद नर कंकाल और खोपड़ी कितने पुराने हैं तथा उनका संबंध किसी अन्य घटना से है या नहीं। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की गहनता से जांच कर रही है।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

