भारत को फिर से विश्व गुरु बनाने में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका : पदम
मुरादाबाद, 01 सितम्बर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) महानगर द्वारा महाराजा अग्रसेन इण्टर कॉलेज मुरादाबाद में मंगलवार को युवा विद्यार्थी संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित छात्रों को मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के क्षेत्रीय प्रचार प्रमुख पदम ने संबोधित किया।
उन्होंने कहा कि सर्वप्रथम आपका कर्तव्य है कि आप अपने माता-पिता के प्रति ऋण को चुकाएं और दूसरा कर्तव्य है कि आप अपनी मातृभूमि का भी ऋण चुकाएं। आपको तय करना होगा कि भारत को किस प्रकार का बनाना है। भारत पहले विश्व गुरु था आप जैसे युवाओं को भारत को फिर से विश्व गुरु बनाना है, इसमें आपकी बहुत महत्वपूर्ण भूमिका है।
कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में उप्र राज्य बाल अधिकार आयोग के पूर्व चेयरमैन डॉ. विशेष कुमार गुप्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ मुरादाबाद विभाग के विभाग प्रचारक ब्रजमोहन, महानगर कार्यवाह विपिन, धवल दीक्षित , गौरव अग्रवाल, गोपाल हरि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रधानाचार्य अरुण कुमार शुक्ला ने की और संचालन मेजर राजीव ढल द्वारा किया गया। इस मौके पर संजय कुमार, अनुराग शुक्ला, आशुतोष गुप्ता, दीपेंद्र कुमार, सुरेश कुमार, ओंकार सिंह, सलामत अली, आदित्य कुमार, राजपाल सिंह, आशीष कुमार, सुखलाल का विशेष योगदान रहा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

