भारत को पुनः विश्व गुरु बनाना अभाविप का लक्ष्य : डॉ राजेश

WhatsApp Channel Join Now
भारत को पुनः विश्व गुरु बनाना अभाविप का लक्ष्य : डॉ राजेश


अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद ने बनाया 78वाँ स्थापना दिवस

मथुरा, 09 जुलाई (हि.स.)। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 78वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में गुरुवार को कान्हा माखन पब्लिक स्कूल में विचार गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में सैकड़ों छात्र- छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता प्रांत उपाध्यक्ष एवं राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य डॉ राजेश लवानिया ने छात्रों के समक्ष अभाविप की भूमिका रखी।

उन्होंने भारत के गौरवपूर्ण इतिहास पर प्रकाश डालते हुए कहा कि भारत में नालंदा तक्षशिला जैसे विश्वविद्यालय थे जो कि पूरे विश्व के ज्ञान का केंद्र थे। उन्होंने भारत को पुनः परम वैभव पर ले जाने हेतु सन् 1949 में प्रारम्भ हुए इस महायज्ञ से विद्यार्थियों को जुड़ने और भारत को पुनः विश्व गुरु बनाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने हेतु प्रेरित किया। विभाग प्रमुख डॉ एस के राय ने नशा मुक्त परिसर के विषय पर छात्रों का मार्गदर्शन किया। उन्होंने कहा जीवन में ध्येय ना होने के कारण युवा हानिकारक पदार्थों के नशे में लिप्त होता जा रहा है। युवाओं को आवश्यकता है कि बड़े स्वप्न देखें, उनकी प्राप्ति के लिए कठोर परिश्रम करें और भारत को परम वैभव तक ले जाने का नशा रखें। कार्यक्रम अध्यक्ष डायरेक्टर शुभम अग्रवाल ने अभाविप के 78 वर्ष पूर्ण करने पर शुभकामनाएं प्रेषित की एवं विद्यार्थियों को अभाविप से जुड़ने के लिए प्रेरित किया। प्रधानाचार्य प्रमोद कुमार शर्मा ने भी विद्यार्थियों का मार्गदर्शन किया। इससे पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती और स्वामी विवेकानंद जी के चित्रपट के सम्मुख अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर विभाग संगठन मंत्री दिव्यांशु पचौरी, जिला छात्रा प्रमुख विनीता शर्मा, प्रांत सह एसएफडी संयोजक भूपेंद्र सिंह, प्रांत कार्यकारिणी सदस्य उमंग अग्रवाल, अमन शर्मा, योगेंद्र चौधरी, वेदांत बारोलिया, कपिल उपाध्याय, हिमांशु गौड़, स्नेहा सैनी, अनमोल, हर्ष सक्सेना आदि कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन अमन पांडे एवं धन्यवाद ज्ञापन साधना प्रजापति ने किया।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story