इमरजेंसी कॉल बॉक्स को अधिक जनोपयोगी एवं यूजर फ्रेंडली बनाएं : कमिश्नर

WhatsApp Channel Join Now

-कमिश्नर ने स्मार्ट परियोजनाओं की प्रगति और राजस्व सृजन की संभावनाओं को लेकर की समीक्षा

मुरादाबाद, 08 सितंबर (हि.स.)। मुरादाबाद मंडल की मंडलायुक्त व मुरादाबाद स्मार्ट सिटी लिमिटेड की अध्यक्ष संगीता सिंह ने मंगलवार काे मुरादाबाद स्मार्ट सिटी कार्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने शहर की विभिन्न सड़कों पर स्थापित इमरजेंसी कॉल बॉक्स का भी निरीक्षण किया। उन्होंने ईसीबी को अधिक जनोपयोगी एवं यूजर फ्रेंडली बनाने के निर्देश दिए।

कमिश्नर संगीता सिंह ने स्मार्ट सिटी मिशन के अंतर्गत संचालित विभिन्न परियोजनाओं, इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कंट्रोल सेंटर की कार्यप्रणाली, इमरजेंसी कॉल बॉक्स, स्मार्ट रोड, स्मार्ट पार्किंग, वेंडिंग जोन, स्मार्ट जल आपूर्ति सहित नागरिक सुविधाओं से जुड़ी व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान स्मार्ट सिटी अधिकारियों द्वारा विभिन्न परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति एवं उनके माध्यम से नागरिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया गया। मंडलायुक्त ने परियोजनाओं के प्रभावी संचालन, नियमित मॉनिटरिंग तथा नागरिकों को अधिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।

मंडलायुक्त संगीता सिंह ने इंटीग्रेटेड कंट्रोल एंड कंट्रोल सेंटर का अवलोकन करते हुए शहर में स्थापित स्मार्ट तकनीकी उपकरणों, निगरानी प्रणालियों एवं डिजिटल सेवाओं की कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि आईसीसीसी में उपलब्ध तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग सुनिश्चित करते हुए शहर की निगरानी एवं नागरिक सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाया जाए।

साथ ही जहां इमरजेंसी कॉल बॉक्स स्थापित किए गए हैं, वहां उनके आसपास एवं आवश्यक स्थानों पर यूजर ऑपरेटिंग मैन्युअल उपयोग संबंधी जानकारी प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि आम नागरिक आवश्यकता पड़ने पर इनका आसानी से उपयोग कर सकें। शहर की पीकिंग की तैयारियों का भी अवलोकन किया गया। इस दौरान राउंड अबाउट पर लगाए गए स्मार्ट लाइटिंग पोल सहित अन्य व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी लिमिटेड के अधिकारी, मुख्य अभियंता, मुख्य वित्त अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / निमित कुमार जायसवाल

Share this story