तीन दिन में सभी चिन्हित गड्ढे भरकर सड़कें गड्ढामुक्त करें : जिलाधिकारी

WhatsApp Channel Join Now
तीन दिन में सभी चिन्हित गड्ढे भरकर सड़कें गड्ढामुक्त करें : जिलाधिकारी


जौनपुर,14 सितंबर (हि.स.)। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में सोमवार देर शाम कलेक्ट्रेट सभागार में जनपद की सड़कों के गड्ढामुक्तिकरण को लेकर समीक्षा बैठक हुई। जिलाधिकारी ने बारिश के बाद क्षतिग्रस्त हुई सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर तत्काल दुरुस्त कर आवागमन योग्य बनाने के सख्त निर्देश दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि तीन दिनों के भीतर चिन्हित सभी गड्ढों को भरकर सड़कों को गड्ढामुक्त किया जाए। कार्य में लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित अधिकारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।

जिलाधिकारी ने कहा कि सड़क मरम्मत के दौरान आमजन को आवागमन में असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यकता के अनुसार कार्य रात्रि में भी कराया जाए। उन्होंने मारुति सुजुकी शोरूम के सामने क्षतिग्रस्त सड़क को तत्काल ठीक कराने के निर्देश दिए।

बैठक में उन्होंने सभी अधिशासी अधिकारियों से उनके क्षेत्रों में आने वाली सड़कों की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली और क्षतिग्रस्त एवं गड्ढायुक्त सड़कों को तत्काल मोटरेबल कराने को कहा। नगर क्षेत्रों में रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था दुरुस्त रखने के भी निर्देश दिए गए, ताकि रात में आवागमन करने वालों को परेशानी न हो।

जिलाधिकारी ने अधिकारियों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर सड़क मरम्मत की गुणवत्ता और कार्य की प्रगति की निगरानी सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने जनपद की यातायात व्यवस्था और प्रमुख मार्गों की स्थिति की भी समीक्षा की तथा यातायात सुचारु बनाए रखने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं तत्काल सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।बैठक में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, एडीएम भू-राजस्व अजय अम्बष्ठ, एडीएम वित्त एवं राजस्व परमानंद झा, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता, नगर पालिका एवं नगर पंचायतों के अधिशासी अधिकारी, एनएचएआई के अधिकारी, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story