वृन्दावन में प्रेम मंदिर के पास होम स्टे में लगी आग, पुलिस व फायर टीम ने पाया काबू

WhatsApp Channel Join Now
वृन्दावन में प्रेम मंदिर के पास होम स्टे में लगी आग, पुलिस व फायर टीम ने पाया काबू


मथुरा, 05 सितम्बर (हि.स.)। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर्व के दौरान लाखों श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच शनिवार तड़के वृन्दावन में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रेम मंदिर के सामने गली स्थित रिद्धि-सिद्धि होम स्टे के एक कमरे में अचानक आग लग गई। हालांकि, सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम ने समय रहते आग पर काबू पा लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। गनीमत यह रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

शनिवार होम स्टे के एक कमरे से धुआं और आग की लपटें उठती देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी तुरंत पुलिस और अग्निशमन विभाग को दी गई। सूचना मिलते ही वृन्दावन कोतवाली पुलिस और फायर टीम मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आग बुझाने का अभियान शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद समय रहते आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया।

वृन्दावन कोतवाली प्रभारी अश्वनी कुमार ने बताया कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। उन्होंने पुष्टि की कि घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है। जन्माष्टमी के पावन अवसर पर वृन्दावन में लाखों की संख्या में श्रद्धालु मौजूद हैं। ऐसे में इस घटना ने एक बार फिर शहर के होटल, होम स्टे, गेस्ट हाउस और धर्मशालाओं में अग्नि सुरक्षा के मानकों को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, पुलिस व फायर ब्रिगेड की तत्परता से समय रहते एक बड़ी अनहोनी टल गई।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार

Share this story