अवैध कब्जे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य का निर्माण ध्वस्त

WhatsApp Channel Join Now
अवैध कब्जे पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, पूर्व जिला पंचायत सदस्य का निर्माण ध्वस्त


जौनपुर,15 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के जौनपुर में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जों के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बुधवार को केराकत तहसील क्षेत्र के मुर्की गांव में बड़ी कार्रवाई की। बंजर खाते की करीब दो बिस्वा जमीन पर किए गए अवैध निर्माण को बुलडोजर चलाकर ध्वस्त कर दिया गया। उक्त भूमि पर पूर्व जिला पंचायत सदस्य सादिक अहमद द्वारा अवैध रूप से निर्माण कराया गया था।

प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर पहले जमीन की पैमाइश की और उसे सरकारी भूमि के रूप में चिन्हित किया। इसके बाद न्यायालय के आदेश के अनुपालन में जेसीबी मशीन से कार्रवाई करते हुए तीन कमरे, एक बाथरूम और एक शौचालय को गिरा दिया गया।

कार्रवाई के दौरान तहसीलदार अजीत कुमार, नायब तहसीलदार हुसैन अहमद और लेखपाल राजेश श्रीवास्तव पुलिस बल के साथ मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। इस संबंध में तहसीलदार अजीत कुमार ने कहा कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ये अभी चेतावनी है, उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस प्रकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी, ताकि सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया जा सके।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story