प्रयागराज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई : 102 वाहन सीज, 41 लाख से अधिक राजस्व वसूला

WhatsApp Channel Join Now
प्रयागराज में अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई : 102 वाहन सीज, 41 लाख से अधिक राजस्व वसूला


जिलाधिकारी के निर्देश पर चला विशेष अभियान, 119 स्थानों पर छापेमारी; बिना नंबर प्लेट के 76 वाहनों पर भी कार्रवाई

प्रयागराज, 28 मई (हि.स.)। जनपद में अवैध खनन और अवैध परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। जिलाधिकारी मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) के नेतृत्व में गठित जनपद स्तरीय टॉस्क फोर्स टीम ने 24 मई से 27 मई 2026 तक जिलेभर में विशेष जांच अभियान संचालित किया।

अभियान के दौरान सभी तहसील क्षेत्रों में उप जिलाधिकारी, सहायक पुलिस आयुक्त, परिवहन विभाग और खनन विभाग की संयुक्त टीमों ने कुल 119 संदिग्ध खनन स्थलों पर जांच और छापेमारी की। जांच में 09 स्थानों पर अवैध खनन की पुष्टि होने पर संबंधित वाहनों और अवैध खनन में संलिप्त लोगों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की गई।

प्रशासनिक टीमों ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में उपखनिजों का परिवहन कर रहे कुल 1624 वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ओवरलोड अथवा बिना वैध परिवहन प्रपत्र के संचालित पाए गए 102 वाहनों को विभिन्न थानों में सीज किया गया। साथ ही इन मामलों में लगभग 41.22 लाख रुपये का राजस्व भी जमा कराया गया।

इसके अतिरिक्त बिना नंबर प्लेट के संचालित 76 वाहनों के खिलाफ भी सीज और चालानी कार्रवाई की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन, ओवरलोडिंग और नियमों के उल्लंघन के खिलाफ आगे भी अभियान लगातार जारी रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रामबहादुर पाल

Share this story