दो कुंतल प्रतिबंधित दोहरा बरामद; दो आरोपित गिरफ्तार
जौनपुर,03 जून (हि. स.)। यूपी के जौनपुर में अपराध नियंत्रण और अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग दो कुंतल प्रतिबंधित दोहरा बरामद किया है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपिताें को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेज दिया।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के अंतर्गत अपर पुलिस अधीक्षक नगर आयुष श्रीवास्तव एवं सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी नगर गोल्डी गुप्ता के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नगर त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने 2 जून मंगलवार को चेकिंग अभियान चलाया। इसी दौरान थाना क्षेत्र के मोहल्ला बड़ी मस्जिद, रौजा अर्जन से दो व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। इस मामले का बुधवार को खुलासा करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपिताें के कब्जे से करीब दो कुंतल प्रतिबंधित दोहरा बरामद हुआ। बरामद सामग्री को आवश्यक जांच के लिए खाद्य निरीक्षक के सुपुर्द कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।गिरफ्तार आरोपिताें की पहचान पवन साहू पुत्र अजय कुमार साहू तथा विवेक साहू पुत्र अजय कुमार साहू निवासी बड़ी मस्जिद, रौजा अर्जन, थाना कोतवाली जौनपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों आरोपिताें का चालान कर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है। अधिकारियों ने बताया कि जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधि को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे कारोबारियों के विरुद्ध अभियान आगे भी जारी रहेगा।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

