शिक्षण, प्रयोगशाला और संसाधनों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें : प्रो. वंदना सिंह

WhatsApp Channel Join Now
शिक्षण, प्रयोगशाला और संसाधनों की व्यवस्थाएं दुरुस्त रखें : प्रो. वंदना सिंह


जौनपुर,09 जुलाई (हि.स.)। यूपी के वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय में नए शैक्षणिक सत्र के शुभारंभ के साथ ही कुलपति प्रो. वंदना सिंह ने गुरुवार को प्रो. राजेंद्र सिंह रज्जू भईया भौतिकी अध्ययन संस्थान का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संस्थान की विभिन्न प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक सुविधाओं तथा उपलब्ध संसाधनों का अवलोकन किया और उनकी कार्यप्रणाली की जानकारी प्राप्त की।कुलपति ने संस्थान के शिक्षकों के साथ बैठक कर नए सत्र की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी विभागाध्यक्ष अपने-अपने विभागों में प्रवेश, कक्षाओं के संचालन, प्रयोगशालाओं, पुस्तकालय, समय-सारिणी तथा अन्य शैक्षणिक व्यवस्थाओं को समयबद्ध ढंग से पूर्ण कर लें।उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को गुणवत्तापरक शिक्षा के साथ आधुनिक संसाधनों से युक्त शिक्षण वातावरण उपलब्ध कराना है। इसके लिए प्रत्येक विभाग को शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन में सक्रिय भूमिका निभानी होगी। उन्होंने प्रयोगशालाओं के नियमित रखरखाव, उपकरणों की उपलब्धता तथा विद्यार्थियों के व्यावहारिक प्रशिक्षण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।निरीक्षण के दौरान कुलपति ने डीएसटी-पर्स एवं पीएम-उषा योजना के अंतर्गत स्थापित अत्याधुनिक उपकरणों एवं प्रयोगशालाओं का भी अवलोकन किया। उन्होंने इंटीग्रेटेड थर्मल इवेपोरेटर सिस्टम, ग्लोव बॉक्स सिस्टम, इलेक्ट्रोकेमिकल वर्कस्टेशन, सोलर सिम्युलेटर, गैस सेंसर सिस्टम, स्पटरिंग सिस्टम तथा डीआरएस सिस्टम सहित अन्य उपकरणों के उपयोग एवं शोध कार्यों की जानकारी प्राप्त की।इस अवसर पर पीएम-उषा समन्वयक प्रो. गिरिधर मिश्र ने इन अत्याधुनिक उपकरणों की उपयोगिता एवं उनके माध्यम से किए जा रहे शोध कार्यों की जानकारी दी। परियोजना के सह-समन्वयक डॉ. धीरेन्द्र चौधरी ने बताया कि इंटीग्रेटेड ग्लोव बॉक्स सिस्टम सहित अन्य अत्याधुनिक उपकरणों की सहायता से सोलर सेल, गैस सेंसर एवं अन्य उन्नत अनुसंधान कार्य किए जा रहे हैं।इस अवसर पर संस्थान के निदेशक प्रो. मिथलेश सिंह, चीफ प्रॉक्टर प्रो. अजय प्रताप सिंह, प्रो. मनोज मिश्रा, प्रो. गिरिधर मिश्र, प्रो. प्रमोद यादव, डॉ. सुजीत चौरसिया, डॉ. नितेश जसवाल, डॉ. धीरेन्द्र चौधरी सहित संस्थान के अन्य शिक्षक, अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव

Share this story