कटरा मनेपुर का मुख्य इंटरलॉकिंग मार्ग जर्जर, राहगीर परेशान

WhatsApp Channel Join Now
कटरा मनेपुर का मुख्य इंटरलॉकिंग मार्ग जर्जर, राहगीर परेशान


औरैया, 22 अगस्त (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में फफूंद नगर के महावीर मंदिर धाम के पास सेनानी द्वार से कटरा मनेपुर के बीच बना मुख्य इंटरलॉकिंग मार्ग लंबे समय से जर्जर हालत में है। सड़क की बदहाली के कारण राहगीरों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार शिकायत और ज्ञापन देने के बावजूद नगर पंचायत की ओर से मार्ग की मरम्मत नहीं कराई गई है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि यह सड़क पहले डामर की थी, लेकिन कुछ वर्ष पहले इंटरलॉकिंग टाइल्स लगाकर इसका निर्माण कराया गया था। वर्तमान में कई स्थानों पर टाइल्स टूट चुकी हैं, जबकि कुछ जगह टाइल्स पूरी तरह गायब हो गई हैं। इससे सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे बन गए हैं। बारिश के दिनों में इन गड्ढों में पानी भरने से स्थिति और खराब हो जाती है। मार्ग पर कीचड़ होने के कारण राहगीरों के फिसलकर गिरने का खतरा बना रहता है।

यह मार्ग नगर के प्रमुख बाजार क्षेत्र को जोड़ता है और प्रतिदिन हजारों लोग यहां से गुजरते हैं। सबसे अधिक परेशानी महिलाओं, बुजुर्गों और स्कूल जाने वाले विद्यार्थियों को उठानी पड़ रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सड़क खराब होने के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की घटनाएं भी होती रहती हैं, जिससे लोग चोटिल हो रहे हैं।

कटरा मनेपुर के सभासद अशोक कुमार राजपूत ने बताया कि मार्ग की समस्या को लेकर कई बार नगर पंचायत में ज्ञापन देकर सड़क बनवाने की मांग की जा चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि सेनानी द्वार से कटरा मनेपुर तक का यह मार्ग फफूंद नगर पंचायत को जोड़ने वाला प्रमुख रास्ता है। इसकी बदहाली से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।

सभासद ने जिलाधिकारी से मार्ग की स्थिति का संज्ञान लेते हुए जल्द से जल्द सड़क की मरम्मत अथवा पुनर्निर्माण कराए जाने की मांग की है, ताकि राहगीरों को आवागमन में राहत मिल सके।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार

Share this story