देवरिया : महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली मईल बनेगा आयुष ग्राम, योग व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा

WhatsApp Channel Join Now
देवरिया : महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली मईल बनेगा आयुष ग्राम, योग व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा


देवरिया : महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली मईल बनेगा आयुष ग्राम, योग व स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगा बढ़ावा


देवरिया, 28 जुलाई (हि.स.)। भारत सरकार आयुष मंत्रालय के संयुक्त सचिव (के.जी.) एवं संयुक्त सचिव (ए.डी.) की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मंगलवार को आयोजित बैठक में 'हर घर योग' कार्यक्रम के प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, क्षेत्रीय आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी, जिला होम्योपैथिक चिकित्साधिकारी तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक (आयुष) देवरिया उपस्थित रहे। बैठक में सीडीओ ने महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली ग्राम मईल को आयुष ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया।

सीडीओ राजेश कुमार सिंह ने बताया कि इस योजना के तहत ग्राम मईल में नियमित रूप से योग शिविर, आयुष चिकित्सा शिविर तथा स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयुष ग्राम की संकल्पना का उद्देश्य ग्रामीणों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना तथा आयुर्वेद, योग, यूनानी और होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धतियों का अधिक से अधिक लाभ उपलब्ध कराना है।

उन्होंने बताया कि ग्राम मईल महर्षि देवरहा बाबा की तपोस्थली के रूप में देशभर में प्रसिद्ध है। यहां बाबा की मचान, गुफा और मंदिर आज भी श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र हैं। मान्यता है कि महर्षि देवरहा बाबा ने इसी स्थान पर योग, जप और तप के माध्यम से दीर्घायु प्राप्त की तथा जीवनभर लोककल्याण और आध्यात्मिक चेतना के प्रसार में महत्वपूर्ण योगदान दिया।

उन्होंने बताया कि आयुष ग्राम योजना के अंतर्गत गांव के प्रत्येक परिवार और प्रत्येक व्यक्ति का स्वास्थ्य सर्वेक्षण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि चिकित्सकीय जांच के साथ ग्रामीणों की जीवनशैली, खान-पान, रहन-सहन और स्वास्थ्य संबंधी आदतों का भी अध्ययन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इसके आधार पर आयुष विभाग के चिकित्सक और योग प्रशिक्षक प्रत्येक व्यक्ति को आवश्यक परामर्श, योग प्रशिक्षण तथा उपचार उपलब्ध कराएंगे। साथ ही नियमित सामूहिक योग सत्र और चिकित्सा शिविरों के माध्यम से लोगों को निरोग रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि योजना के सफल संचालन में ग्राम पंचायत मईल, आयुष विभाग, आयुष्मान आरोग्य मंदिर मईल, स्वयं सहायता समूहों तथा गैर-सरकारी संस्थाओं का सहयोग लिया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि इस पहल से ग्राम मईल स्वस्थ एवं जागरूक गांव के रूप में विकसित होगा और 'हर घर योग' अभियान को भी नई गति मिलेगी।---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक

Share this story